पूरनपुर। हत्या करने के लिए संरक्षित पशु को ले जाने की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी की। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। मुठभेड़ में गांव शेरपुरकलां का मोहम्मद कमर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने कमर सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि इन्ही आरोपियों ने गांव रंपुरा और महादिया रोड किनारे संरक्षित पशुओं की हत्या कर अवशेष फेंके थे।
घटना रात दो बजे की है। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि हत्या करने के लिए संरक्षित पशु को ले जाया जा रहा है, ऐसी सूचना मिली थी। गांव खमरिया के समीप आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें आत्मसमर्पण के लिए ललकारा गया। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। फायर लगने से शेरपुरकलां निवासी मोहम्मद कमर घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मोहम्मद कमर, शेरपुर के ही अकरम, राहत उर्फ छोटू कुरैशी, जावेद कुरैशी, फहीम कुरैशी, नगर के मोहल्ला साहूकारा कुरैशिान निवासी इसरार, मोहल्ला खानका निवासी शाहिद, आरिफ को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन तमंचे, छह कारतूस, खोखा, पशु हत्या के उपकरण, बाइक, दो मोबाइल और एक संरक्षित पशु बरामद किया है। तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने ही गांव रंपुरा और गांव महादिया जाने वाले रास्ते के समीप संरक्षित पशुओं की हत्या कर अवशेष फेंके थे। आरोपी छुट्टा पशुओं की हत्या कर मांस बिक्री कर धन अर्जित कर रहे थे।
संरक्षित पशु की पीटकर हत्या, रिपोर्ट
सेहरामऊ उत्तरी थाना के गांव बिलबुझिया निवासी ताराचंद के पुत्र रमेश ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि सात अप्रैल को उसका बछड़ा गांव के रामचंद्र के पुत्र रमेश के घर में घुस गया। रमेश ने उसकी डंडे से पिटाई की। पीटते हुए घर के बाहर लाए गए बछड़े की मौत हो गई। इंस्पेक्टर सेहरामऊ उत्तरी संजय सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।