पीलीभीत। बिना बताए घर से निकले राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज में तैनात लिपिक की शनिवार देर शाम ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला थानसिंह काला मंदिर निवासी समीर ने बताया कि उसके पिता 45 वर्षीय गौरव न्यूरिया स्थित राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज में लिपिक के पद पर तैनात हैं।
शनिवार शाम को बिना परिवार को बताए रोज की तरह टहलने निकले थे। इसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे सूचना मिली कि वह घायल अवस्था में ईदगाह रेलवे क्रासिंग के पास पड़े हैं। सूचना पर पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी। यह हादसा ट्रेन की चपेट में आने से हुआ था। सुनगढ़ी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया। जिस समय हादसे की सूचना परिजन को मिली, उस समय बरेली से पीलीभीत को डेमो ट्रेन गुजरी थी। जबकि स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बरेली से 05311 डेमो पीलीभीत पहुंची थी। ट्रेन के पायलट और गार्ड ने किसी के कटने की सूचना नहीं दी। ट्रेन आने के आधे घंटा बाद ट्रैक के पास किसी के पड़े होने की सूचना मिली थी।