पीलीभीत। शहर के नकटादाना स्थित बिजली उपकेंद्र में लगा इंसुलेटर जलने से 15 हजार उपभोक्ताओं की आपूर्ति करीब तीन घंटे तक बाधित रही। इसके अलावा भी शहर के अलग-अलग इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे उपभोक्ताओं को दिक्कत हुई।
शहर में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बदहाल है। फॉल्ट की वजह से उपभोक्ताओं को घंटों बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। सोमवार सुबह नौ बजे शहर के नकटादाना चौराहे से बिजली उपकेंद्र का इंसुलेटर जलने से उपभोक्ताओं की आपूर्ति ठप हो गई।
शहर के पुलिस लाइन, ऑफीसर्स कॉलोनी, गोदावरी स्टेट, केजीएन, साईं मंदिर के आसपास, निरंजनकुंज कॉलोनी, टीवी टॉवर के आसपास, अशोक कॉलोनी, एकता नगर, स्टेडियम मार्ग आदि इलाकों के 15 हजार उपभोक्ता बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान हुए। टीम ने काफी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे बाद आपूर्ति बहाल की। आपूर्ति सुचारु होने के बाद भी इन इलाकों में कटौती की समस्या बरकरार रही।
इसके अलावा शहर के मुख्य बाजार, तुलाराम, आवास विकास, साहूकारा, फीलखाना, तुलाराम, रामवाटिका आदि इलाकों में बिजली कटौती की समस्या से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि इंसुलेटर जलने से आपूर्ति बाधित हो गई थी। टीम को भेजकर व्यवस्था को लगभग तीन घंटे में दुरुस्त करा दिया गया।