सीओ राजेश्वर सिंह की देखरेख में नगर में मंगलवार को फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान में कोतवाली रोड से पुराने स्टेट बैंक भवन तक अतिक्रमण हटवाया गया। बुधवार को पुराने स्टेट बैंक भवन से माधोटांडा रेलवे क्रासिंग और शेरपुर रेलवे क्रासिंग तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा।
नगर में 21 मई से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया है। पहले दिन आसाम चौराहे के समीप से अतिक्रमण हटवाया गया। दो दिन अभियान को विराम दिया गया। मंगलवार को सीओ राजेश्वर सिंह की देखरेख में अभियान शुरू हुआ। कोतवाली रोड से शुरू हुआ अभियान पुरानी स्टेट बैंक भवन तक चला। इसमें जेसीबी से कुछ लोगों के चबूतरे भी तोडे़ गए और होर्डिंग हटाए गए। इस दौरान प्रभारी कोतवाल राजेश यादव, नगर पालिका के लेखाकार अमित मिश्रा आदि मौजूद रहे। अमित मिश्रा ने बताया कि बुधवार को पुराने स्टेट बैंक भवन से माधोटांडा रेलवे क्रासिंग और यहां से शेरपुर रेलवे क्रासिंग तक अतिक्रमण हटवाया जाएगा। अभियान को लेकर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। हालांकि अधिकांश लोगों ने इससे पहले ही दुकानों के बाहर रखे गए सामान को हटा लिया। उधर, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की हाजी लाडले के प्रतिष्ठान में हुई बैठक में अतिक्रमण के नाम पर गरीबों को उजाड़ने का आरोप लगाया है। बैठक में कहा गया कि रसूख वालों के चबूतरे अभियान में छोड़ दिए गए। सर्वाधिक अतिक्रमण सीमेंट रोड पर है।