पीलीभीत। चार दिन से भागे चल रहे जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि के चालक को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। जिला पंचायत की बैठक में जिला कृषि अधिकारी से मारपीट के मामले में पकड़े गए आरोपी को शांतिभंग की धारा में चालान कर कोर्ट में पेश किया गया है, जबकि दूसरे आरोपी नितिन पाठक की तलाश अब भी जारी है।
17 जुलाई को जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उस वक्त हंगामा हो गया जब यूरिया खाद की समस्या पर जवाब दे रहे जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। घटना के बाद सीडीओ समेत तमाम अधिकारी बैठक छोड़कर चले गए। इस मामले की वीडियो भी वायरल हुई थी।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि नितिन पाठक निवासी दियोरिया कलां पर अभद्रता और धमकी देने और उसके चालक अनमोल पुत्र राजेश कुमार निवासी बीसलपुर पर कृषि अधिकारी को धक्का देकर थप्पड़ मारने का आरोप लगाकर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। गिरफ्तारी की मांग को लेकर विकास भवन में अधिकारियों-कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार भी किया। रविवार को कोतवाली पुलिस ने अनमोल को गिरफ्तार लिया। पुलिस के अनुसार दर्ज मुकदमे में धाराएं गिरफ्तारी योग्य न होने से आरोपी का शांतिभंग की धारा में चालान किया। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नितिन पाठक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।