पीलीभीत। नाला निर्माण में मानकों की अनदेखी और मोहल्लों में बने डंपिंग ग्राउंड देख एडीएम वित्त एवं राजस्व ऋतु पूनिया का पारा चढ़ गया। सफाई निरीक्षक की क्लास लगाते हुए कहा कि यहां से कूड़ा क्यों नहीं उठ रहा है। कूड़े का उठान हो नहीं रहा और ट्रैक्टर कागजों पर दौड़ाए जा रहे हैं। फर्जी डीजल निकल रहा है। नाले के निर्माण में जो सरिया लग रही, यह तो रसोई के जाल में भी नहीं लगती है। एडीएम ने निरीक्षण की रिपोर्ट डीएम को भेजी है। सफाई निरीक्षक के निलंबन और विभागीय जांच की संस्तुति की गई।
एडीएम ऋतु पूनिया मंगलवार की दोपहर 1:27 बजे लकड़ी मंडी वाले नाले का निरीक्षण करने पहुंचीं। नाला गंदगी से पटा था। यह नाला सीधे देवहा नदी में गिरता है। इस पर उन्होंने सफाई निरीक्षक साबिर अली की क्लास लगाई। बाद में एडीएम ने एकता सरोवर से रोडवेज जाने वाली सड़क के किनारे निर्माणाधीन नाले का काम देखा। नाले में लग रही सरिया देख उन्होंने नाराजगी जताई। पालिका के ठेकेदार ने यहां पर नए निर्माण में एक पुराने नाले को बंद कर दिया। सड़क पर मिट्टी और मलबा पड़ा होने से लोगों को आवागमन में भी दिक्कत होती है।
बेनी चौधरी और फीलखाना में बना मिला डंपिंग ग्राउंड
वार्ड संख्या-18 बेनी चौधरी में एडीएम को मोहल्ले में ही डंपिंग ग्राउंड बना मिला। कई माह से कूड़े का उठान ही नहीं हुआ। मोहल्ले के रफीक, गंठा, जीशान आदि ने बताया कि यहां कूड़ा उठता नहीं, लाकर डाला जाता है। बताया कि मोहल्ले में साफ-सफाई नहीं होती है। नदी में गिरने वाले नाले में मल-मूत्र बहाया जाता है। यहां भी नाला चोक मिला। इसके बाद एडीएम वार्ड- तीन फीलखाना पहुंची। यहां पालिका के कर्मचारियों ने कब्रिस्तान के पास कूड़ा डंपिंग ग्राउंड बना रखा है। कूड़े के बड़े ढेर में आग लगी थी। दानिश और तसलीम ने बताया कि सफाई होती ही नहीं है। कूड़ा रोजाना जलाया जाता है। इस पर एडीएम ने सफाई निरीक्षक से नाराजगी जताते हुए कहा कि ट्रैक्टर कागजों पर ही दौड़ रहे हैं। डीजल का बिल बन रहा और कूड़े का उठान हो नहीं रहा है।
बड़े और मंझले 28 नाले, सफाई का ठेका 32 लाख
शहर में बड़े और मंझले नालों को मिलाकर 28 नाले हैं। इनकी सफाई का ठेका नगरपालिका ने 32 लाख रुपये में किया है। मोहल्ला डालचंद से होकर निकले नाले की सफाई कर कर्मचारियों ने कचरे के ढेर पूरी सड़क तक लगा दिए। गाड़ी न पहुंचने की वजह से एडीएम ऋतु पूनिया ने पैदल जाकर नाला सफाई और साफ-सफाई का हाल जाना। नाला कई जगह चोक मिला। सड़क पर कचरे के ढेर लगे थे। कर्मचारियोंं ने मोहल्ला डालचंद से ब्रम्हचारी घाट जाने वाले कच्चे रास्ते को कूड़ा डालकर बंद कर दिया।
एडीएम पहुंची, शिकायतों की लगी झड़ी
एडीएम सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने मोहल्लों में पहुंची तो शिकायतों की झड़ी लग गई। मोहल्ला फीलखाना में महिलाओं ने कहा कि सफाई तो खुद ही करनी पड़ती है। सफाई कर्मचारी कूड़ा लाकर मोहल्ले में ही कब्रिस्तान के पास डाल देते हैं। मोहल्ला डालचंद में नफीसा ने सफाई न होने की शिकायत की। कई अन्य लोगों ने पेयजल की समस्या बताई।
वर्जन
निरीक्षण की रिपोर्ट डीएम को भेजी दी गई है। सफाई निरीक्षक के निलंबन और विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। नाला निर्माण और नाला सफाई की जांच कराने को कहा गया है।
- ऋतु पूनिया, एडीएम वित्त एवं राजस्व
शहर के मोहल्ला फीलखाना में एडीएम से शिकायत करते मोहल्ले के लोग संवाद
शहर के मोहल्ला फीलखाना में एडीएम से शिकायत करते मोहल्ले के लोग संवाद