पालिका प्रशासन की ओर से नाला निर्माण को खोदकर सड़क के बीचोंबीच डाली गई मिट्टी। संवाद
पीलीभीत। नाला निर्माण की सुस्त रफ्तार रोडवेज बस अड्डे से बस पकड़ने वाले यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है। 15 दिन बीत जाने के बाद भी कार्यदायी संस्था निर्माण पूरा नहीं कर सकी है। रोडवेज बस अड्डे का एक गेट पूरी तरह बंद है। यात्रियों को दूसरे गेट से भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को एआरएम ने कार्यदायी संस्था को शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा कराने को कहा है।
नगर पालिका की ओर से रोडवेज बस स्टैंड के सामने 15 दिन पूर्व से नाला निर्माण कराया जा रहा है। काम करा रहे ठेकेदार की हीलाहवाली से बस अड्डे का एक गेट पूरी तरह से बंद है। दूसरे गेट के आगे मिट्टी का ढेर होने से यातायात बाधित हो रहा है। पालिका की ओर से मुख्य द्वार पर कराया गया निर्माण भी आधा-अधूरा है। इससे सिर्फ एक गेट से कर्मचारी, बस और यात्रियों का आवागमन है। लंबे समय बाद भी निर्माण पूरा न होने पर मंगलवार को एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने नगर पालिका के ईओ से बात की। कार्यदायी संस्था को फोन कर निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
सड़क पर खड़ी होती बसें, लग रहा जाम
डिपो पर आवागमन के लिए एक गेट होने से बस चालकों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रहीं हैं। चालक अपनी बसों को बिजली घर के सामने खड़ा कर रहे हैं। सड़क के दोनों ओर बसें खड़े होने से इस मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बन रही है। इससे लोगों को दिक्कतें हो रहीं हैं।
पालिका प्रशासन की लापरवाही से वाहनों को हो रहा नुकसान
काम कराने वाले ठेकेदार ने नाला निर्माण के लिए खोदकर निकाली मिट्टी को सड़क के बीचों-बीच डाल दिया है। साथ ही पूर्व में ईदगाह व एकता सरोवर पर लगाए गए डायवर्जन को हटवा दिया है। ऐसे में कार चालक जब अपने वाहन लेकर यहां से गुजरते हैं, तो उनके वाहन नीचे से लग जाते है। इससे वाहनों को भी नुकसान हो रहा है।
पालिका प्रशासन की ओर से नाला निर्माण को खोदकर सड़क के बीचोंबीच डाली गई मिट्टी। संवाद