पीलीभीत। वित्तीय वर्ष में पूर्वदशम (कक्षा नौ-दस) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत विद्यालय स्तर पर लंबित आवेदनों को लेकर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सख्ती दिखाई है। गांधी सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को अटके प्रकरणों का नियमानुसार तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिन विद्यार्थियों के आवेदन पात्रता की शर्तें पूरी करते हैं, उन्हें शासन की मंशा के अनुरूप योजना का शत-प्रतिशत लाभ मिलना चाहिए। किसी भी पात्र छात्र-छात्रा को छात्रवृत्ति अथवा शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित नहीं किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक होने पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह यादव को निर्देशित किया कि विद्यालय स्तर पर लंबित आवेदनों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए। स्कूलवार स्थिति की निगरानी करते हुए पात्र प्रकरणों को समय से आगे भेजने और अपात्र मामलों को नियमानुसार निरस्त कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संवाद