रैली को झंडी दिखाकर रवाना करते डीएम पुलकित खरे। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। मतदाता जागरूकता अभियान, शपथ समारोह में डीएम पुलकित खरे ने कहा कि प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मतदाता बनने के बाद ही होता है। वोट बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। निर्धारित आयु पूरी करने वाले अभियान में अपना वोट बनवा लें। डीएम ने समारोह में मौजूद लोगों को शपथ दिलाई और आठ नए मतदाताओं को वोटर आईडी सौंपी। स्कूलों की जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया।
मतदाता पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। इसमें निर्धारित 18 साल की आयु पूरी करने वालों को मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है। जिन मतदाताओं की मौत हो चुकी है। उनके नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। अभियान के तहत शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस से पहले तहसील कार्यालय परिसर में डीएम ने नए मतदाता बने आठ मतदाताओं को वोटर आईडी सौंपा। मतदान को लेकर समारोह में मौजूद लोगों को शपथ दिलाई। इससे पहले उन्होंने कहा कि अभियान के तहत कॉलेजों में फॉर्म छह भिजवाए गए हैं। निर्धारित आयु पूरी करने वाले युवक, युवती फॉर्म को भरकर मतदाता सूची में अपने नाम शामिल कराए। इसके अलावा तहसील कार्यालय में फॉर्म छह जमा करने पर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल होंगे। अभियान में रविवार को कर्मचारी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। मतदान केंद्रों पर भी कर्मचारियों के पास फॉर्म जमा किए जा सकते हैं। अंत में मतदाता जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली में गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गुरुनानक इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आरएसआरडी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, सांई गर्ल्स डिग्री कॉलेज, स्वामी एजुकेशनल महाविद्यालय, सेंट जोसेफ स्कूल, पंचमदास इंटर कॉलेज आदि के बच्चों ने भाग लिया।
बालिकाओं ने बनाई रंगोली, बच्चों ने प्रस्तुत किए कार्यक्रम
मतदाता जागरूकता अभियान में शामिल होने पहुंचे स्कूली बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। श्री सांई गर्ल्स डिग्री कॉलेज की बालिकाओं ने तहसील गेट पर आकर्षक रंगोली बनाई। गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आरएसआरडी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के बच्चों ने कविता, भाषण प्रस्तुत किए। लकी चिल्ड्रन कॉलेज के बच्चों ने मतदान को लेकर नाटक प्रस्तुत किया।