पीलीभीत। त्योहारी सीजन को देखते हुए परिवहन निगम ने रोडवेज कर्मियों के लिए प्रोत्साहन राशि योजना शुरू की है। इस योजना की शुरूआत 12 नवंबर से होगी। नियमित 10 दिन ड्यूटी करने वाले चालक और परिचालक का चार हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। योजना 21 नवंबर तक लागू रहेगी।
स्थानीय रोडवेज डिपो के स्टेशन इंचार्ज दीनानाथ ने बताया कि प्रोत्साहन राशि योजना के तहत नियमित 10 दिन तक ड्यूटी कर तीन हजार किमी की दूरी तय करने वाले चालक और परिचालक को चार हजार रुपये अलग से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ऐसे ही नियमित नौ दिन तक ड्यूटी कर 2700 किमी दूरी तय करने वाले चालक और परिचालक को 3150 रुपये बतौर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं कार्यशाला में काम करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहन राशि योजना का लाभ दिया जाएगा। 10 दिन तक नियमित ड्यूटी करने वाले कर्मियों को 1200 रुपये और नौ दिन तक ड्यूटी करने वालों को एक हजार रुपये अलग से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 88 रोडवेज बसें और 15 अनुबंधित बसें संचालित की जा रही हैं।