पीलीभीत। जिले में तीन से सात वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों का बचपन अब डे-केयर सेंटर में बीतेगा। इस सेंटर में बच्चों का पालन पोषण, उनके खेलने और शिक्षण की व्यवस्था भी रहेगी। डे-केयर सेंटर में चार श्रेणियों के दिव्यांग बच्चों को रखा जाएगा। इनमें श्रवण बाधित, दृष्टिबाधित, बौद्धिक रूप से कमजोर और मानसिक मंदित बच्चे शामिल हैं। सेंटर के संचालन की प्रक्रिया तेज हो गई है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग जल्द से जल्द सेंटर खोलने की तैयारी में है।
प्रदेश के 28 जिलों में चार श्रेणियों के दिव्यांग बच्चों के लिए बचपन डे-केयर सेंटर बनाए जाने की स्वीकृति मिली है। इसमें पीलीभीत भी शामिल है। दिव्यांग बच्चों को सुबह के समय डे-केयर सेंटर लाया जाएगा। यहां उन्हें खेलने और पढ़ने की व्यवस्था होगी। शाम के समय सभी बच्चों को सरकारी वाहन से उनके घर पहुंचा दिया जाएगा। सेंटर में बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी तैनात स्टाफ की होगी। इनकी तैनाती भी निदेशालय स्तर से की जाएगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सुरेश मौर्य ने बताया कि बचपन डे-केयर सेंटर खोलने की प्रक्रिया चल रही है। किराये पर भवन की तलाश की जा रही है। जल्द ही संचालन शुरू किया जाएगा। स्टाफ की तैनाती लखनऊ से ही की जाएगी। संवाद