बीसलपुर। न्याय पंचायत अधिकारी किशनी में ग्राम पंचायत अधिकारी की तैनाती न होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यहां तैनात न्याय पंचायत अधिकारी के एक सप्ताह पूर्व निलंबित होने के बाद दूसरे को नियुक्त नहीं किया गया है।
किशनी न्याय पंंचायत में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी करन सिंह नबियाल करीब एक सप्ताह पूर्व निलंबित हो गए थे। इसके बाद से अब तक उनके स्थान पर न ही किसी नए ग्राम पंचायत अधिकारी की नियुक्ति की गई और न ही किसी अन्य ग्राम पंचायत अधिकारी को इस न्याय पंचायत का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया।
ग्राम पंचायत अधिकारी न होने से किशनी, परेवा, मल कपुर, पटनियां, रिछोला घासी, ललौर गुजरानपुर, खानपुर वीरमपुर आदि गांवों में विकास कार्य ठप हो गए हैं। जरूरी कार्य वाले लोग रोजाना ब्लॉक कार्यालय में आते हैं और घंटों भटकने के बाद मायूस होकर लौट जाते हैं। जागरूक लोगों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हो सका।
ग्राम पंचायतों में नए ग्राम पंचायत अधिकारी की नियुक्ति करने और किसी ग्राम पंचायत अधिकारी को दूसरी न्याय पंचायत का अतिरिक्त कार्यभार सौंपे जाने का अधिकार जिला पंचायत राज अधिकारी को है। इस संबंध में उन्हें पत्र भेजकर समस्या का अतिशीघ्र समाधान कराने की मांग की गई है।
- लक्ष्मण प्रसाद, बीडीओ, बीसलपुर