बीसलपुर के गांव रिछौला सबल में इसी बस में की गई तोड़फोड़। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
बीसलपुर। मंगलवार सुबह जयपुर से आ रही प्राइवेट बस को कुछ लोगों ने कोतवाली क्षेत्र के गांव रिछोला सबल के पास रोककर तोड़फोड़ कर दी। ड्राइवर को पीटा और बस पर पथराव किया। ड्राइवर ने हमलावरों पर 45 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया।
थाना जहानाबाद के गांव बरहा विक्रम निवासी मोहम्मद अनीस ने बताया कि वह बीसलपुर से जयपुर तक चलने वाली प्राइवेट बस का ड्राइवर है। मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे वह जयपुर से बस ला रहा था। जयपुर से बस चलते समय बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रिछोला सबल निवासी एक व्यक्ति ने बस में 29 सवारियों की बुकिंग कराई थी लेकिन बाद में यूसुफ ने बस में 30 सवारियां बैठा ली थीं। अनीस ने कहा कि 30 वीं सवारी का भी टिकट लिया जाए। इस पर वह व्यक्ति तैयार नहीं हुआ तो अनीस ने 30 वीं सवारी उतार दी। आरोप है कि जब बस गांव रिछोला सबल के पास पहुंची तो उससे पहले ही उस व्यक्ति ने अपने गांव के कुछ लोगों को बस स्टैंड पर बुला लिया। उन लोगों ने बस को चारों ओर से घेर लिया। ड्राइवर की पिटाई लगाई, बस में तोड़फोड़ और बस पर पथराव किया, जिससे सवारियां घायल होते होते बची। इस बीच किसी सवारी ने फोन कर पुलिस को बुला लिया, तभी हमलावर भागने लगे। पुलिस ने दौड़कर तीन हमलावरों को पकड़ लिया। ड्राइवर ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी, इसमें गांव रिछोला के छह लोगों को नामजद किया गया है और छह सात लोगों को अज्ञात बताया गया है। तहरीर के अनुसार हमलावरों ने ड्राइवर से 45 हजार रुपये भी लूट लिए। पुलिस ने इस मामले को केवल साधारण मारपीट का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। कोतवाली के एसएसआई नीरज कुमार ने बताया कि हमलावरों ने कोई लूटपाट नहीं की। एक सवारी को उतारने पर केवल मारपीट हुई है। तहरीर मिलते ही एनसीआर दर्ज कर ली जाएगी।