सीएमओ ने किया निरीक्षण, बोले- नोटिस जारी कर तलब किया जाएगा जवाब
पीलीभीत। संस्थागत प्रसव बढ़ाने के लिए शासन की सख्ती के बीच स्वास्थ्य केंद्रों पर लापरवाही सामने आने लगी है। रविवार को सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने बीसलपुर क्षेत्र के कई स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान जोगीठेर स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव सेवा पूरी तरह बंद मिली, जबकि खमरिया पंडरी और अर्बन पीएचसी बीसलपुर में प्रसव की संख्या बेहद कम पाए जाने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। सीएमओ ने संबंधित स्टाफ नर्स का जवाब तलब करने के लिए नोटिस जारी करने की बात कही।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर स्टाफ नर्सों की तैनाती कर प्रसव सेवाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद कई केंद्रों पर लापरवाही बरती जा रही है। निरीक्षण के दौरान सीएमओ को बीसलपुर के जोगीठेर स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव सेवा बंद मिली। यहां स्टाफ नर्स की तैनाती होने के बावजूद प्रसव न होने पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। वहीं खमरिया पंडरी स्वास्थ्य केंद्र में भी प्रसव की संख्या बेहद कम पाई गई, जिससे सीएमओ संतुष्ट नहीं हुए।
इसके अलावा बीसलपुर के मोहल्ला दुबे स्थित अर्बन पीएचसी पर भी प्रसव सेवाएं प्रभावित मिलीं। यहां भी प्रसव न होने की स्थिति सामने आने पर संबंधित स्टाफ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों को सामेवार को नोटिस जारी किया जाएगा। एमओआई के माध्यम से स्टाफ नर्सों से जवाब तलब किया जाएगा। संवाद