पीलीभीत। घर के बाहर खेल रहे डेढ़ साल का मासूम अवनीश बृहस्पतिवार शाम को रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। शुक्रवार भोर में तीन बजे उसका शव घर से 200 मीटर दूर एक गड्ढे के भरे पानी में मिला। परिवार वालों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत पानी में डूबने से आई है। डॉक्टरों ने बताया कि फेफड़ों में पानी भरने से मासूम की मौत हुई है।
दियूरिया कला कोतवाली के गांव पकड़िया के संजू सक्सेना ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करते हैं। बृहस्पतिवार शाम पांच बजे उनका डेढ़ वर्षीय पुत्र अवनीश कुमार घर के बाहर खेलते वक्त अचानक लापता हो गया। उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार रात नौ बजे सूचना डायल 112 को दी। सूचना पर दियोरिया कला कोतवाली प्रभारी अचल कुमार मौके पर पहुंचे। तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर तलाश में जुट गए। मामला जंगल से जुड़ा होने के कारण एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ बीसलपुर प्रशांत सिंह भी वहां पहुंच गए। पुलिस को मासूम को जंगली जानवर के उठा ले जाने का भी था। ऐसे में पुलिस ने जंगल में भी रेस्क्यू किया। मगर कुछ हाथ नहीं लगा। खोजबीन के बीच शुक्रवार भोर में तीन बजे घर से 200 मीटर एक गड्ढे में भरे पानी में मासूम का शव उतराता मिला। शव पानी में होने से फूल गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुुंच गई। पुलिस ने शव को निकलवाने के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। इधर, परिवार वालों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस को अभी और कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले में गुमशुदगी दर्ज है। इधर, पुलिस कयास लगा रही हैं कि मासूम खेलते वक्त पानी में गिर गया होगा। गड्ढा गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। इसलिए उसकी मौत हो गई।
तलाश में जुटी रही तीन थानों की फोर्स
मासूम के लापता होने की सूचना पर जिले में हड़कंप मच गया। मामला जंगल के पास का होने के कारण जंगली जानवर के हमले के भी कयास लगाए जा रहे थे। इसपर एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ बीसलपुर प्रशांत के अलावा रेस्क्यू के लिए थाना बिलसंडा, बीसलपुर और बरखेड़ा को भी बुला लिया गया। इसके बाद जंगल में अभियान चलाकर तलाश की गई थी।
जब तक मासूम नहीं बरामद किया जा सका था तब तक परिजनों को हत्या का अंदेशा था। अब एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम में डूबने से मौत होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं, उसके आधार पर आगे की छानबीन जारी है। - प्रशांत सिंह, सीओ, बीसलपुर
बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे गांव लमौआ निवासी एक व्यक्ति मेरे घर आया था। उसने कहा था कि अपना बड़ा लड़का डेढ़ लाख रुपये में बिक्री कर दो वरना जबरन उठा कर ले जाएंगे। जान से मार देंगे। पुलिस गहनता से जांच करे तो पूरा खुलासा हो जाएगा। - पूजा देवी, मासूम की मां
मासूम की तलाश में ग्रामीण भी जुटे रहे
मासूम की लापता होने के बाद गांव वाले भी एकजुट होकर उसकी तलाश में जुटे रहे। अधिकतर गांव वाले पूरी रात सोए नहीं। मासूम को तलाशते रहे। भोर में तीन बजे के करीब घर से कुछ कदम दूरी पर स्थित गड्ढे में लाश दिखी। बता दें कि संजू सक्सेना के दूसरे बेटे की उम्र छह महीने है। बडे़ बेटे अवनीश की मौत के बाद घर में चीख पुकार मची है।