पीलीभीत। स्कूल की फीस और ड्रेस के रुपये मांगने पर पोते और बेटे पर तेजाब फेंकने के आरोपी दादा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेजा गया। इधर, जिला अस्पताल में भर्ती झुलसे पिता-पुत्र खतरे के बाहर बताए जा रहे हैं।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव ललपुरिया गांव में निवासी 35 वर्षीय शेर सिंह ने अपने 12 साल के बेटे धर्मेंद्र की स्कूल फीस और ड्रेस के लिए से 27 सितंबर को अपने पिता निरंजन से रुपये मांगे थे। रुपये को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। जिस पर गुस्साए आरोपी निरंजन ने 28 सितंबर की भोर में तीन बजे बेटे शेर सिंह और पोते धर्मेंद्र के ऊपर सोते समय तेजाब डाल दिया। इससे वह झुलस गए। घटना के दो दिन बाद मामले की सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस ने आरोपी निरजंन की पत्नी सुखरानी की ओर से मिली तहरीर के आधार पर धारा 326 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे पुलिस ने टनकपुर हाईवे पर बिथरा अड्डे के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी से घटना करने के पीछे की वजह पूछी, तो उसने बताया कि वह गरीब है और खेती करता है। उसका बेटा शेर सिंह रुपये मांग रहा था जोकि मेरे पास नहीं थे। न देने पर उसे मारा पीटा। वह पहले भी मारपीट कर चुुका है। इसलिए गुस्से में तेजाब डाल दिया। इंस्पेक्टर न्यूरिया जगत सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फीस के रुपये को लेकर हुए विवाद में घटना की गई है। आरोपी अपने साथ मारपीट की बात भी कह रहा है। फिलहाल चालान कर उसे जेल भेज दिया है।