विवाह समारोहों में जनरेटर चलाने का कार्य करता था विकास
मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली में चल रहे कार्यक्रम में चेंज ओवर बदलते समय लगा करंट
परिवारवालों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
नगर के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी एक युवक की शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवारवालों ने पुलिस में तहरीर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी राजाराम कश्यप ने बताया कि उनका 18 वर्षीय पुत्र विकास विवाह समारोहों में जनरेटर चलाने का कार्य करता था। विकास शनिवार को मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली निवासी बाबूराम कश्यप के घर विवाह समारोह में जनरेटर चलाने गया था। बताया जाता है कि रात लगभग 12 बजे जनरेटर का चेंज ओवर बदलते समय विकास करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। विकास को उसी समय नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर विकास के परिवारवाले भी मौके पर पहुंच गए थे। उसके बाद शव घर लाया गया। शव आते ही घर में कोहराम मच गया । मृतक के पिता राजाराम, मां विमला देवी, दादा घासीराम, दादी प्रेमवती, भाई विपिन, विवेक और विनीत रो-रोकर बेहाल हैं। राजाराम ने कोतवाली में रविवार को सुबह तहरीर देकर विकास की एक षडयंत्र के तहत करंट लगाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। राजाराम ने पुलिस को यह भी बताया कि विकास की गर्दन पर चोटों के निशान थे और आखों से खून बह रहा था। इसके अलावा विकास की जिस स्थान पर मौत होना बताया गया है, उस स्थान को पानी से धो भी दिया भी गया था, जो शक पैदा कर रहा है।
कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।