फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चीनी मिल कर्मचारी की  संदिग्ध हालात में मौत

Sun, 27 Mar 2016 11:27 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
चीनी मिल कर्मचारी शराफत उर्फ लियाकत की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। वह शनिवार को साइकिल से घास काटने की बात कह कर घर से गए थे। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिवार वालों ने उनकी काफी तलाश की। रविवार सुबह उनका शव चीनी मिल की चाहरदीवारी के पास मलबे में दबा हुआ मिला। घरवालों ने हत्या कर शव दबाने का आरोप लगाते हुए मोहल्ले के तमाम लोगों के साथ मिल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पूर्व मंत्री अनीस अहमद उर्फ फूल बाबू ने मौके पर पहुंच मिल अधिकारियों से वार्ता की। मोहल्लेे वालों ने मृतक के आश्रित को नौकरी दिलाए जाने का आश्वासन मिलने के बाद ही शव को उठने दिया। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मच गया है।
विज्ञापन

मोहल्ला ग्यासपुर निवासी शहजादे ने बताया कि उनका 55 वर्षीय पुत्र शराफत उर्फ लियाकत किसान सहकारी चीनी मिल में स्थाई सामयिक कर्मचारी है। वह शनिवार को सुबह घास काटने के लिए साइकिल से चीनी मिल की ओर गया था। वह साथ में हंसिया और रस्सी भी ले गया था। शाम तक जब शराफत घर नहीं लौटा तब घरवालों को चिंता हुई। सभी संभावित स्थानों पर देर रात तक तलाश की गई, लेकिन कहीं उसका कोई पता नहीं चला। घरवाले रविवार को सुबह से ही फिर शराफत की तलाश करने लगे। ढूंढते-ढूंढते घरवाले चीनी मिल की पूरब वाली चाहरदीवारी के पास पहुंच गए, जहां चाहरदीवारी के मलबे से दबा एक शव दिखाई दिया। घरवालों ने शव की शिनाख्त शराफत के रूप में की। सूचना मिलने पर सीओ बीपी सिंह और थाना प्रभारी केपी सिंह तत्काल मौके पर पहुंच गए और उन्होंने चाहरदीवारी के मलबे से दबा शव बाहर निकलवाया। शव दीवार के मलबे से बुरी तरह से दब गया था। मृतक की साइकिल गन्ना सोसायटी के पास एक खेत से मिली। रस्सी शव के कंधे पर टंगी हुई मिली। हंसिया नहीं मिल पाया। इसी बीच मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम को भिजवाने के लिए शव गाड़ी पर लाद लिया। इससे क्षुब्ध घरवाले और मोहल्ले के लोग हंगामा करने लगे। इन लोगों का कहना था कि जब तक चीनी मिल के जीएम मृतक के आश्रित को नौकरी दिलाने का आश्वासन नहीं देंगे तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं जाने दिया जाएगा। हंगामा देख थाना प्रभारी ने जीएम को मौके पर बुलवा लिया। इसी बीच मोहल्ले वालों के बुलाने पर पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां (फूलबाबू) भी मौके पर आ गए। जीएम नरेंद्र राय ने कहा कि चीनी मिल में मृतक आश्रित योजना नहीं है फिर भी वह मृतक के आश्रित को नौकरी दिलाने के संबंध में अपने स्तर से हर संभव प्रयास करेंगे। फूलबाबू ने भी मोहल्लेे वालों को समझाया, तभी मोहल्ले वाले शांत हो गए। उसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। मृतक के पिता द्वारा पुलिस में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हत्या करने के बाद शराफत का शव दीवार के मलबे से दबा दिया गया है, जिससे यह प्रचारित हो जाए कि दीवार के मलबे से दबकर शराफत की मौत हो गई है। मृतक के पिता शहजादे, पत्नी सितारा बेगम, भाई मोहम्मद उमर, मोहम्मद हनीफ, पुत्र मोहम्मद जकी, मोहम्म्द शाकिर, पुत्री शमा, शबाना, निशा, राबिया और नाजिया का रोते रोते बुरा हाल है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें