विवाहिता को देह व्यापार को मजबूर कर उसके पति और अन्य ससुरालियों ने जबरिया एक युवक के साथ कमरे में बंद कर दिया। युवक ने विवाहिता के साथ बलात्कार किया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर विवाहिता की ओर से उसके पति सहित पांच के खिलाफ बंधक बनाकर बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के एक मोहल्ला की कलंदर बिरादरी से ताल्लुक रखने वाली महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसके पति और ससुराल वाले गलत प्रवृत्ति के लोग हैं। परिवार की महिलाओं से वैश्यावृत्ति कराकर धन कमाते हैं। शादी होकर जब वह ससुराल पहुंची तब एक साल तक सब कुछ ठीक चलता रहा। एक साल बाद पति ने काम करना बंद कर उसे देह व्यापार कर पांच सौ रुपये रोज लाने को कहा।
मना करने पर 22 जुलाई 2015 को उसके ससुरालियों ने मोहल्ला के हमीद से एक हजार रुपये लेकर उसके साथ बुरा काम करने को उकसाया। ससुरालियों ने उसे और हमीद को जबरिया एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि हमीद ने उसके साथ बलात्कार किया। इससे वह बेहोश हो गई। होश मेें आने पर उसने कोतवाली पहुंचकर घटना की शिकायत की। आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज न कर उसे कोतवाली से भगा दिया।
29 जुलाई को उसने घटना की शिकायत एसपी को भेजे पत्र में की। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने महिला की ओर से पति इबरार, इबरार के भाई निसार, मुखिया और मोहल्ला निवासी हमीद, मोहम्मद असलम की पत्नी उनीता के खिलाफ बंधक बनाकर बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज की है।