अपराधों पर अंकुश लगाने में नाकाम पुलिस पीड़ितों पर अपना गुस्सा निकाल रही है। विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी का शिकार बने तीन लोग रविवार देर शाम कोतवाली पहुंचे तो शहर कोतवाल ने उन्हें डांट-डपटकर भगा दिया। नाराज पीड़ित सोमवार को एसपी से मिले और तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसपी ने शहर कोतवाल को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शहर कोतवाली के मोहल्ला मोहितशिम खां निवासी अजीम अहमद, दुर्गा प्रसाद निवासी माजिद, शेर मोहम्मद निवासी शादाब आदि ने बताया कि मोहल्ला शरीफ खां निवासी एक व्यक्ति ने दुबई की एक कंपनी में नौकरी लगाने के नाम पर तीनों से सवा-सवा लाख रुपये ले लिए और 15 फरवरी को जब वे लोग दुबई जाने के लिए इंदिरा गांधी एयर पोर्ट दिल्ली पहुंचे तो पता चला कि आरोपी ने जो वीजा दिया है वह टूरिस्ट बीजा है। इस पर पीड़ितों ने परिवार वालों को मोबाइल पर कॉल कर ठगी होने की जानकारी दी। बमुश्किल वह लोग लौटे। घर पहुंचने पर आरोपियों से जब पैसा मांगा तो आरोपी लड़ाई झगड़ा करने पर आमादा हो गए। 20 मार्च को भी आरोपी ने गाली गलौज की और रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने बताया कि वह लोग रात करीब साढ़े नौ बजे कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करने गए तो कोतवाल ने तहरीर नहीं ली और उल्टे डांट-डपटकर भगा दिया। पीड़ित सोमवार को एसपी से मिले और घटना बताते हुए कार्रवाई की मांग की। एसपी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शहर कोतवाल को जांच के बाद कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।