असम हाइवे पर पूरनपुर
कोतवाली क्षेत्र में स्कार्पियो की टक्कर से साइकिल सवार गांव लालपुर अमृत
निवासी 60 वर्षीय सूरज प्रसाद की मौत हो गई। जबकि टनकपुर हाइवे बाइक-साइकिल
भिड़ंत में बाइक पर सवार उत्तराखंड के गोविंदपुरी (सितारगंज) निवासी 36
वर्षीय गीता देवी की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा देवर घायल हो गया। उधर
यशवंतरी देवी चौराहा पर बाइकों की हुई टक्कर में साले-बहनोई घायल हो गए।
सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्कार्पियो की टक्कर से किसान की मौत
पूरनपुर।
गुरुवार को गांव लालपुर अमृत निवासी सूरज प्रसाद साइकिल से गांव
चांटफिरोजपुर की ओर से नगर की ओर आ रहा था। चांटफिरोजपुर के पास सामने से
स्कार्पियों ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। हादसे के बाद चालक
वाहन समेत भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती
कराया और वाहन की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। सूचना पर बड़ा पुत्र
महेंद्र सीएचसी पहुंचा और डॉक्टर के रेफर करने पर वह पिता को लेकर जिला
अस्पताल जा रहा था। महेेंद्र के चचेरे भाई प्रदीप ने मोबाइल पर बताया कि
उसके ताऊ की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में मौत हो गई। मृतक के
परिवार में पत्नी शांती देवी, पुत्र 30 वर्षीय महेंद्र, 19 वर्षीय हरवंश
है। उसकी तीनों पुत्री निर्मला देवी, सोमवती, रेखा देवी की शादी हो चुकी
है।
साइकिल-बाइक भिड़ंत में भाभी की मौत, देवर घायल
न्यूरिया।
सितारगंज के मोहल्ला गोविंदपुर निवासी गीता देवी अपने देवर विजयपाल के साथ
पीलीभीत गई थी। गुरुवार को दोपहर बाद वह वापस अपने गांव जा रहीं थी।
टनकपुर हाइवे पर जनकपुरी के पास एक किशोर अचानक साइकिल लेकर सामने आ गया,
जिससे बाइक साइकिल से टकरा गई। हादसे में गीता देवी की मौके पर ही मौत हो
गई, जबकि बाइक चालक व साइकिल सवार घायल हो गए। घटना के बाद साइकिल सवार
मौके पर साइकिल छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक और
उसकी भाभी को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टर ने गीता देवी को मृत घोषित कर
दिया। मृतक के एक पुत्र चार पुत्रियां हैं।
बाइकों की भिड़ंत में साले-बहनोई घायल
पीलीभीत।
यशवंतरी देवी चौराहा के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिससे
एक बाइक पर सवार थाना न्यूरिया के गांव बिठौरा खुर्द निवासी संजीव व शहर
कोतवाली के गांव सिरसा निवासी उनके बहनोई अमर सिंह घायल हो गए। दोनों बाइक
से बिठौरा खुर्द से शहर की एलएच शुगर मिल आ रहे थे।
टेंपो पलटने के मामले की रिपोर्ट दर्ज
पूरनपुर।
असम हाइवे पर गांव उदयकरनपुर के समीप 22 मार्च को टेंपो पलटने से नौ लोगों
घायल हो गए थे। पुलिस ने गांव बंगला उर्फ मित्रसेन निवासी श्यामलाल की ओर
से गांव निवासी टेंपो चालक भगवत सरन के खिलाफ तेजी और लापरवाही से वाहन
चलाने की रिपोर्ट दर्ज की है।