ससुराल वालों की दहेज की मांग पूरा न करने पर कलीनगर और पूरनपुर में दो महिलाओं पर जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। इसकी शिकायत पुलिस से की गई तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिलाओं को मेडिकल के लिए भेजा है।
पहली घटना माधोटांडा क्षेत्र के कलीनगर की है। उत्तराखंड के थाना सितारगंज क्षेत्र के गांव मलपुरी की यशवंत प्रीत कौर ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी शादी छह साल पहले कलीनगर निवासी कमलजीत उर्फ हैपी से हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर आए दिन उसके साथ मारपीट कर रहे थे। बर्दाश्त से बाहर हुआ तो दो महीना पहले वह अपने मायके आकर रहने लगी। शुक्रवार को जब वह सुसराल में बच्चों से मिलने पहुंची तो पति ने परिवार वालों की मदद से उसे कमरे में बंद कर पीटा। जान लेने के लिए तमंचे से फायर भी किया लेकिन वह किसी तरह बच गई। एसओ माधोटांडा दुर्गेश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति कमलजीत, सास कुलविंदर कौर, ससुर हरदेश सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना पूरनपुर की है। शादी के तीन साल बाद महिला को पति ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पहले बांका मारकर घायल किया। इसके बाद जिंदा जलाने की कोशिश की। पीड़िता की शिकायत पर पूरनपुर पुलिस ने मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। खटीमा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी तीन साल पहले पूरनपुर क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। आरोप है कि पति नशे का आदी है। आए दिन शराब पीने के लिए पैसों की मांग करता रहता। शुक्रवार देर शाम पति शराब पीकर घर आया। इसके बाद दहेज में मांगे गए रुपये न मिलने पर मारपीट शुरू कर दी। विरोध किया तो सिर में बांका मारकर घायल कर दिया। आरोप है कि केरोसिन छिड़ककर जिंदा जलाने की भी कोशिश की गई। महिला की सूचना पर उसकी बहन रात में ही ससुराल पहुंची। इसके बाद घटना की तहरीर पुलिस को दी गई। एसओ पूरनपुर राजेश यादव ने बताया कि महिला का मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
ससुराल वालों ने महिला
को पीटा, हालत गंभीर
- पुलिस ने विवाहिता के पति सहित पांच के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसकी पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने विवाहिता की ओर से उसके पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
उत्तराखंड के खटीमा निवासी विशारुद्दीन ने बताया कि उसने अपनी बहन शबाना की शादी तीन साल पहले पूरनपुर देहात के मोहल्ला ढका निवासी इमरान से की थी। आरोप है कि शबाना के ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर शादी के कुछ दिन बाद ही उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। मांग पूरी न होते देख ससुराल वालों ने शुक्रवार रात शवाना की जमकर पिटाई की। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शबाना की ओर से उसके पति इमरान, जेठ इस्लाम, मुबारिक, इस्लाम की पत्नी निखत, मुबारिक की पत्नी गुलशन, सास सईदन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।