ट्रैक्टर ट्राली पलटने से दो किसानों की मौत
- फोटो : पीलीभ्ाीत/उत्ततर प्रदेश्ा
खेत पर धान लेने जा रहे दो किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से दबकर मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को इलाज के लिए खटीमा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
माधौटांडा थाना क्षेत्र के नगरिया खुर्दकलां गांव के निवासी वेदप्रकाश पुत्र रामप्रसाद, सुजीत मंडल (22) पुत्र सुभल मंडल, चंदन सरकार (21) पुत्र जयराम, राजू सरकार (24) पुत्र सुशील और शिवराम (22) पुत्र कित्तोबाला शुक्रवार सुबह तीन बजे ट्रैक्टर ट्राली से खेत पर धान लेने के लिए निकले थे। ट्रैक्टर वेदप्रकाश चला रहा था। घर से डेढ़ किलोमीटर दूर शारदा किनारे पहुंचते ही ट्रैक्टर ट्राली मोड़ते वक्त पलट गई। हादसे में राजू सरकार और शिवराम की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा अन्य तीनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में एसओ वीके पटेल भी फोर्स के साथ आ गए। घायलों को निकालकर खटीमा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों किसानों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गरीब परिवार से थे किसान राजू और शिवराम
हादसे में जान गंवाने वाले किसान राजू और शिवराम गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे। राजू के पिता सुशील सरकार की डेढ़ साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उसका एक छोटा भाई छोटू (18) और बहन ममता है। 12 बीघा जमीन पर पूरे परिवार का भरण पोषण की जिम्मेदारी थी। उसकी मौत के बाद से मां मोना सरकार का रो- रोकर बुरा हाल है। इधर शिवराम भी दो भाईयों में बड़ा था। उसका एक छोटा भाई गोपाल (14) है। इसके अलावा दो बहनें मालती और सैफली की शादी हो चुकी है। दोनों मृतक खेती के अलावा परिवार को आर्थिक मदद देने के लिए मजदूरी भी कर लिया करते थे। हादसे के वक्त भी दोनों वेदप्रकाश के पिता रामप्रसाद के कहने पर दिहाड़ी पर मजदूरी को जा रहे थे।