उर्से हशमती व मुशाहिदी में परचम कुशाई के दौरान लाइसेंसी असलहों से फायरिंग करने के मामले में आस्ताने हशमतिया दरगाह के सज्जादानशीं मौलाना जरताब रजा खां को नामजद किया गया है। रिपोर्ट में अज्ञात लोग भी शामिल हैं।
मोहल्ला भूरे खां में सोमवार को आस्ताने हशमतिया व मुशाहिदिया दरगाह पर उर्से हशमती व मुशाहिदी का आयोजन किया गया था। जिसमें परचम कुशाई की रस्म के दौरान हवाई फायरिंग की गई थी। जिले में निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए कोतवाली थाने में शहर कोतवाल इंद्र सिंह की ओर से निषेधाज्ञा के उल्लंघन व हर्ष फायरिंग को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में नामजदगी को लेकर पुलिस इंकार कर रही थी। रिपोर्ट में अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही थी। इधर आस्ताने हशमतिया के सज्जादानशीं मौलाना जरताब रजा खां ने हर्ष फायरिंग किए जाने से इंकार किया था। कहना था कि सिर्फ लाइसेंसी असलहा लेकर फोटो खिंचाए गए थे। इधर शनिवार को भी अधिकांश अधिकारी मामले में अज्ञात पर कार्रवाई बताते रहे। जबकि एसपी सभाराज ने मुकदमे की स्थिति स्पष्ट कर दी।