खुद को अविवाहित और पुलिस में सिपाही बताकर उत्तराखंड की युवती से शादी रचाने वाला युवक सलाखों के पीछे पहुंच गया है। पत्नी की शिकायत पर जांच कर रहे सीओ सिटी ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया था।
उत्तराखंड के खटीमा की रहने वाली एक युवती ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि दो साल पहले नकटादाना निवासी राजू शर्मा से उसकी मुलाकात हुई थी। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर उससे मझोला में मिलता था। खुद को पुलिस में सिपाही बताकर उससे नजदीकी बढ़ाई और शादी कर ली। घरवालों की पहचान और अपनी जाति को भी छिपाता रहा। पहले नौगवां चौराहा पर किराए के मकान में रखा, बाद में उसके घर आकर रहने लगा। इस बीच उसने पीड़िता के पिता की करोड़ों की संपत्ति बिकवाकर रुपये हड़प लिए। तीन महीने पहले पीड़ित युवती को पता लगा कि आरोपी अविवाहित नहीं है। उसकी पत्नी और दो बच्चे पूरनपुर में रह रहे हैं। इसका विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को बंधक बनाकर रखा। धोखाधड़ी और एससी/एसटी एक्ट समेत तमाम गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने के बाद सीओ मामले की विवेचना कर रहे थे। इसमें युवती की ओर से लगाए गए आरोप सही पाए गए। सोमवार को आरोपी को गिरफ्तारी कर लिया गया। सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि आरोपी को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।