नैनीताल एक्सप्रेस के रिजर्वेशन कोच में सफर कर रही शहर निवासी एक छात्रा का बैग उचक्का छीनकर भाग निकाला। घटना की रिपोर्ट जीआरपी थाने में दर्ज कराई गई है।
शहर के मोहल्ला अशरफ खां निवासी बिया खान लखनऊ विश्वविद्यालय में एमकॉम थर्ड ईयर की छात्रा हैं। बिया गुरुवार रात घर आने के लिए नैनीताल एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-वन में सवार हुईं। कोच में बिया के अलावा एक और महिला यात्रा कर रही थी। बकौल बिया, रात करीब एक बजे ट्रेन गोला रेलवे स्टेशन पर कुछ देर रुकने के बाद रवाना हुई तभी कोच में आए एक युवक ने उनके बैग पर झपट्टा मारा। इस पर उन्होंने बैग को कसकर पकड़ लिया। साथ में यात्रा कर रही महिला ने भी बैग छुड़ाने की कोशिश की लेकिन उचक्के ने उन्हें धक्का देकर बैग छीन लिया और चलती ट्रेन से कूद कर भाग गया। बिया के मुताबिक बैग में छह हजार रुपये और टेबलेट रखा था। शुक्रवार को छात्रा ने अपना चाचा साजिद बहादुर खान के साथ जीआरपी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। जीआरपी एसओ अनंतराम राव ने बताया कि उचक्के की तलाश की जा रही है।