पति की मौत के बाद ससुराल में रह रही बेवा महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। एसपी के आदेश पर महिला के सौतेले ससुर पर रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा ससुराल के अन्य लोगों पर मारपीट का भी आरोप लगाया गया है।
बतादें कि कोतवाली क्षेत्र की एक बेवा महिला ने दो दिन पहले एसपी को एक शिकायती पत्र दिया था, जिसमें बताया था कि उसके पति की मौत हो चुकी है। वह अपने तीन साल के बेटे के साथ ससुराल में रह रही है। आरोप था कि चौदह जून की रात वह अपने बेटे के साथ कमरे में सो रही थी। इस दौरान आरोपी कमरे में आ गया और उसके साथ रेप किया। शोर सुनकर आए ससुराल वालों से शिकायत की तो उन्होंने आरोपी को सही करार देते हुए पीड़िता की ही पिटाई लगा दी थी। दूसरे दिन घर से बाहर निकालने का भी आरोप लगाया था। एसपी के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसा है। तहरीर के आधार पर घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शहर कोतवाल हरगोविंद सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है, तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई होगी।