तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर एक युवक छह साल तक यौन शोषण करता रहा। बाद में एसएसबी में नौकरी लगने पर उसने शादी से इंकार कर दिया। महिला ने दबाव बनाया, तो बदनाम करने की धमकी दी। महिला आयोग के निर्देश पर जहानाबाद सीओ ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश न्यूरिया पुलिस को दिए हैं।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 40 वर्षीय तलाकशुदा महिला ने महिला आयोग और आईजी को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि गांव के ही एक युवक ने उसे शादी का झांसा देकर वर्ष 2008 में संबंध बना लिए थे। तब से लगातार वह यौन शोषण करता रहा। पिछले दिनों युवक की नौकरी एसएसबी में सिपाही के पद पर लग गई। महिला का आरोप है कि इसके बाद उसने दूरी बनाना शुरू कर दी। शादी की बात से भी मुकर गया और दुुबारा आने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर भगा दिया। महिला ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उसने महिला आयोग से न्याय की गुहार की। सीओ जहानाबाद जगतराम जोशी ने बताया कि महिला आयोग के निर्देश पर न्यूरिया पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान पता चला है कि पहले दोनों के बीच समझौते के प्रयास चलते रहे, लेकिन समझौता नहीं हो सका। इसी के चलते कार्रवाई में देरी हुई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।