थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला हाथीथान में सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने महिला से 50 हजार रुपये लूट लिए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशाें को तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
मोहल्ला हाथीथान निवासी शकुंतला देवी पत्नी स्वर्गीय राम सिंह दोपहर करीब साढ़े तीन बजे टाउनहाल स्थित स्टेट बैंक शाखा में आई थीं। उन्होंने बैंक में कुछ कागजात जमा किए, इसके बाद चेक से 50 हजार रुपये निकाले। रुपयेे उन्होंने थैले में रखे और बैंक के बाहर से रिक्शा पकड़कर घर की तरफ चल दी। मोहल्ले में रिक्शे से उतरने के बाद वह पैदल घर जा रही थीं, तभी एक बाइक पर दो बदमाशों ने शकुंतला के सामने से बाइक मोड़ी और उनके हाथ से थैला छीनकर जलालनगर बजरिया की और फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ करने के बाद बैंक के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
पिता ने दर्ज कराई बेटे
पर कब्जे की रिपोर्ट
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार में पिता ने अपने बेटे-बहू समेत चार लोगों के खिलाफ मकान पर कब्जे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के मोहल्ला मोहल्ला तारीन बहादुरगंज निवासी हरप्रीत सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बीती 21 जून को बेटे गगनवीर सिंह, उसकी पत्नी गुरुप्रीत कौर और समधी इंद्रजीत सिंह और समधन जगदीश कौर उनके घर ताला तोड़कर घुस आए और कब्जा कर लिया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी।