पुलिस लाइंस में क्राइम कंट्रोल ट्रेकिंग नेटवर्किंग सिस्टम (सीसीटीएनएस)
की दो दिवसीय कार्यशाला हुई। कार्यशाला का शुभारंभ एसपी जेके शाही ने किया।
कार्याशाला में एनआईआईटी लखनऊ से आए कोआर्डीनेटर अनुराग श्रीवास्तव ने
पुलिस वालों को एफआईआर लिखने से लेकर अन्य डाटा अपलोड करने तक की जानकारी
दी और प्रशिक्षित किया।
पुलिस लाइंस स्थित सम्मेलन कक्ष में पहले दिन
कार्यशाला का शुभारंभ एसपी जेके शाही ने किया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई
कार्यशाला में एसपी ने सीसीटीएनएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी
थाने कंप्यूटरीकृत हो गए हैं। अब एफआईआर से लेकर रोजनामचा, चार्जशीट, केस
डायरी, सरकारी संपत्ति आदि का ब्यौरा ऑनलाइन भरा जाएगा। सभी रजिस्टर भी
अपलोड रहेंगे, इसलिए अधिकारी हो या हेड कांस्टेबल सभी को इसका ज्ञान होना
चाहिए। लखनऊ से आए एनआईआईटी के कोआर्डीनेटर अनुराग श्रीवास्तव ने
प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्याशाला में मौजूद पुलिसकर्मियों को कंप्यूटर
पर रोजनामचा, एफआईआर आदि दर्ज करने आदि के तौर तरीके बताए। कार्यशाला में
एएसपी सुधीर कुमार सिंह, सिटी, बीसलपुर, पूरनपुर, जहॉनाबाद के सीओ, सभी
थानेदार, इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल मौजूद रहे।