गढ़वाखेड़ा में पुलिस चौकी से करीब सौ मीटर दूरी पर चोरों ने रात गांव
महुआगुंदे निवासी रामकुमार की किराना की दुकान में पीछे से नकब लगाकर साढ़े
तीन हजार रुपये की नगदी सहित 65 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोरों
ने पास स्थित पंजाब सिंध बैंक शाखा के बाहर रखा अल्टीनेटर चोरी कर लिया।
व्यापारी ने चोरी की तहरीर पुलिस को दी है।
घटना की जानकारी व्यापारी
पुत्र सोनू यादव को शुक्रवार को सुबह दुकान खोलने पर हुई। व्यापारी
रामकुमार ने बताया कि चोरों ने दुकान के पीछे गेहूं के खेत की ओर से दुकान
में नकब लगाया। चोर दुकान से साढ़े तीन हजार रुपये की नगदी, घी, तेल के
पीपे, सर्फ के पैकेट आदि सहित करीब 65 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ले
गए। चोरी की तहरीर पुलिस को दी गई है।
चोरों ने इसके अलावा कुछ दूरी पर
स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा के बाहर रखे जनरेटर का हजारों रुपये कीमत
का अल्टीनेटर चोरी कर लिया। शाखा मैनेजर ने बताया कि जनरेटर किराए पर चलाया
जा रहा था। इसको लेकर उनकी ओर से चोरी की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।