चुनावी माहौल में पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई में लापरवाही पर एसपी सभाराज ने मातहतों को फटकार लगाई। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से खुराफातियों पर मुचलका पाबंद कार्रवाई में भी तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार देर शाम एसपी सभाराज ने पुलिस लाइन सभागार में जिले के समस्त सर्किल एवं थाना प्रभारियों के साथ बैठक की जो देर रात तक चली। इसमें चलाए जा रहे छापामारी अभियान में सख्ती लाने के निर्देश दिए। अवैध असलहा के कारोबारियों की धरपकड़ न होने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने मातहतों को कच्ची शराब बनाने वाले, वारंटी, हिस्ट्रीशीटर, दबंग किस्म के लोगों को सूचीबद्ध कर कानूनी शिकंजा कसने के निर्देश दिए। इसके अलावा वाहन चेकिंग जारी रख सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया। इस मौके पर एएसपी डॉ.रामसुरेश यादव, सीओ सिटी अनुराग दर्शन, सीओ सदर निशांक शर्मा, सीओ बीसलपुर हरीश भदौरिया, सीओ पूरनपुर बीपी सिंह आदि थे।
बीसलपुर और सदर विधानसभा अतिसंवेदनशील
जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों में बीसलपुर और सदर विधानसभा क्षेत्र को अतिसंवेदनशील का दर्जा दिया गया है। इसके अलावा पूरनपुर और बरखेड़ा सामान्य श्रेणी में रखी गई है। इसके पीछे मिश्रित आबादी और अलग-समुदायों के प्रत्याशी होने को भी अहम कारण बताया गया है।
चुनाव निपटाने तक रुकेगी एक कंपनी सीआरपीएफ
विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही सुरक्षा को लेकर की जा रही तैयारियों को भी गति मिलने लगी है। अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ जवानों की एक कंपनी पीलीभीत को मिल गई है। यह टीम करीब एक माह तक रुकेगी और विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेगी। फ्लैग मार्च के दौरान भी इनका इस्तेमाल किया जाएगा। अब पुलिस महकमा टीम के ठहरने की व्यवस्था में जुटा हुआ है। स्कूल एवं बारात घर तलाश किए जा रहे हैं।