एनसीआर की जांच करने के लिए मोहल्ला बेनी चौधरी गए देवहा चौकी इंचार्ज प्रेम कुमार शर्मा व अन्य पुलिसकर्मियों को बुधवार दोपहर करीब तीन बजे अवैध खनन करने वाले दबंगों ने घेर लिया। फावड़ा लेकर पुलिस टीम पर आरोपी हमलावर हो गए। खुद को घिरता देख दरोगा ने रिवाल्वर निकालकर खुद को बचाया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को मौके से धर दबोचा। जबकि तीन भाग निकले। अब पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर उसके साथियों के नाम पते की जानकारी करने में जुटी है।
मोहल्ला बेनी चौधरी में हुए दो पक्षों के बीच मारपीट के विवाद की मंगलवार को एनसीआर दर्ज की गई थी। इसकी जांच के लिए बुधवार दोपहर करीब तीन बजे देवहा चौकी प्रभारी प्रेम कुमार शर्मा, पवन मोबाइल (गश्ती बाइक) पर तैनात सिपाही आशीष व एक होमगार्ड के साथ बेनी चौधरी मोहल्ले में पहुंचे। बाल्मीकि मंदिर के पास पहुंचते ही देवहा नदी की ओर से रेत लदा डनलप आता दिखाई दिया। पुलिस को देख डनलप सवार युवक मौके से भाग गया। इस पर दरोगा ने सिपाही व होमगार्ड को डनलप कब्जे में लेकर कोतवाली ले जाने को कह दिया। पुलिस डनलप लेकर आगे बढ़ी थी कि मौके पर अवैध खनन करने वाले तमाम लोग आ गए और पुलिस से भिड़ने लगे। पुलिस को डनलप ले जाने की चुनौती दे डाली। इसके बाद धक्का-मुक्की करते हुए डनलप में बंधे जानवर निकाल लिए। मामला यही नहीं थमा आरोपियों ने फावड़ा हाथ में लेकर पुलिस पर हमला कर दिया। खुद को घिरता देख दरोगा ने रिवाल्वर निकाल लिया। जिसके बाद आरोपी भागने लगे। इधर, सूचना मिलने पर कोतवाली से अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद एक आरोपी मोहल्ला मोहम्मद फारूख निवासी बड़े उर्फ हमीद को मौके से पकड़ लिया। आरोपी व डनलप को कब्जे में लेकर पुलिस कोतवाली आ गई। कोतवाल जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि दरोगा एनसीआर की जांच में गए थे। इस दौरान उनपर अवैध खनन करने वाले कुछ लोगों ने हमला कर दिया। एक की गिरफ्तारी कर ली गई है। बकाया की तलाश में दबिश दी जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।