किसी जालसाज ने मजदूर के बैंक खाते से 85 हजार रुपये उड़ा लिए। उसे इसकी जानकारी तब हुई जब मोबाइल पर खाते से रकम निकलने का मैसेज पहुंचा। बैंक अधिकारियों से संतोषजनक जवाब न मिलने पर पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
थाना क्षेत्र के गौंच गांव के निवासी मजदूर शाहिद नवी का खाता पंजाब एंड सिंध बैंक की ऐमी शाखा में है। उनके एकाउंट में 85,989 रुपये जमा थे। रविवार सुबह अचानक शाहिद के मोबाइल पर बैंक खाते से 85, 800 रुपये निकलने का मैसेज पहुंचा। इसे देख पीड़ित के होश उड़ गए। तत्काल उसने बैंक जाकर मामले की जानकारी की। आरोप है कि बैंक प्रबंधन ने शाखा से रुपये न निकलने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जिसके बाद मजदूर ने मामले की अज्ञात के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी है। जहानाबाद पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर पीड़ित को टरका दिया। तहरीर मिलने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। सीओ सदर निशांक शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। थाना पुलिस से जानकारी कर कार्रवाई कराई जाएगी।