जिला अस्पताल में डाक्टर कक्ष में जुटी मरीजों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मौसम में हो रहे बदलाव ने संक्रामक बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। जिला अस्पताल व प्राइवेट क्लीनिकों में मलेरिया व डायरिया के मरीजों की भरमार है। सोमवार को बुखार से पीड़ित एक मासूम की जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
दिन में तेज धूप निकलने और सुबह शाम ठंडक होने से लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाने से मलेरिया और डायरिया के मरीजों में तेजी से इजाफा हो रहा है। यही वजह है सुबह से ही जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ जुट रही है।
डॉक्टर मरीजों को जांच के बाद दवा दे रहे है। साथ ही कई मरीजों की हालत गंभीर होने पर वार्डाें में भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। सोमवार को करहरा निवासी देवेंद्र, कल्याण सागर निवासी सुरेश व बड़ीहाट निवासी गुड़िया को गंभीर हालत में भर्ती किया गया।
थाना श्रीगनर क्षेत्र के गांव तिंदौली निवासी आकाश (6) पुत्र रूप सिंह तीन दिन से बुखार से पीड़ित था। परिजनों ने उसका इलाज प्राइवेट क्लीनिकों में कराया था। सोमवार को आकाश की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन फानन में जिला अस्पताल लाए।
जहां उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों का अस्पताल में रो रोकर बुरा हाल रहा। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. उदयवीर सिंह का कहना है कि अस्पताल आने वाले मरीजों का उपचार प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है।