बरेली के नवाबगंज इलाके में रहने वाली एक महिला को दो लोगों ने शाही रेलवे स्टेशन से अगवा कर रेलवे लाइन किनारे ले जाकर बलात्कार किया। आरोपियों में शाही स्टेशन का गेट मैन रामसुबिष्ट और बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज गांव का प्रेमशंकर शामिल हैं। महिला की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर प्रेमशंकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली करीब 35 वर्षीय महिला शनिवार को अपने पति के साथ जहॉनाबाद थाने पहुंची। महिला के मुताबिक उसका मायका थाना जहॉनाबाद क्षेत्र में है। 13 सितंबर की शाम को वह अपने मायके से अपनी पांच वर्षीय पुत्री के साथ अपने ससुराल जा रही थी। रात हो जाने के कारण शाही तिराहे पर बस से उतरने के बाद रेलवे स्टेशन जाकर बैठी गई। रात में करीब 11 बजे बरेली के हाफिजगंज के अलीगंज निवासी प्रेमशंकर और शाही रेलवे क्रासिंग का गेटमैन रामसुबिष्ट स्टेशन पर पहुंचे और महिला का मुंह दबाकर रेलवे लाइन किनारे ले गए, जहां दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया। शोर मचाने और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। वह रात भर डरी सहमी रेलवे स्टेशन पर बैठी रही। सुबह अपने घर पहुंचकर पति को घटना के बारे में बताया। एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर गैंगरेप और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी प्रेमशंकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। दूसरा आरोपी अभी पकड़ में नहीं आया। महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है। हालांकि मामला संदिग्ध लगता है।