पीड़ित किशोरी के पिता के मुताबिक शनिवार सुबह वह दवा लेने पीलीभीत चले गए थे। कुछ देर बाद उनकी पत्नी भी मोहल्ले के ही एक घर में किसी काम से चली गईं। इसी बीच सुबह आठ बजे गांव के ही पांच युवक छिपकर उनके घर में घुस गए और घर में मौजूद उनकी 15 वर्षीय बेटी को तमंचा दिखाकर धमकाने के बाद उसके साथ रेप किया। पास-पड़ोस के लोगों ने लड़की के रोने और चीखने की आवाज सुनीं तो उनके घर के दरवाजे पर इकट्ठे हो गए। इसी बीच लड़की की मां भी पहुंच गई। इस पर घर में घुसे युवक निकलकर भागने लगे। लोगों ने उनमें से एक को पकड़ लिया और उसे घर में बंद करने की कोशिश की लेकिन उसके साथी तमंचे दिखाकर उसे भी छुड़ा ले गए।
शाम को घर लौटे पिता को जब पूरा वाकया पता लगा तो रविवार को उसने थाने जाकर पुलिस को तहरीर दी। इसमें गांव के ही इमरान खां, साजिद खां, माजिद खां, आरिफ खां और आसिक खां को नामजद किया गया है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत गैंग रेप का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण शुरू करा दिया गया है। सोमवार को स्लाइड बनाई जाएगी और उसके कोर्ट में बयान कराए जाएंगे।
मुख्य आरोपी इमरान को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रथम दृष्टया इमरान की ही संलिप्तता पाई गई है। अन्य चार आरोपी परिवार वालों को डरा-धमकाकर उसे छुड़ा ले गए थे। पूरी मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। - जेके शाही, एसपी