ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत
- फोटो : पीलीभ्ाीत/उत्ततर प्रदेश्ा
बाइक से सब्जी खरीदने जा रहे मजदूर को धनकुना रोड पर सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के भैरुआ गांव के निवासी 25 वर्षीय उमेश पुत्र बाबूराम मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। शनिवार देर शाम बाइक से सब्जी लेने के लिए मझोला बाजार जा रहे थे। धनकुना रोड पर ढकिया गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें उमेश की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि ट्रैक्टर ट्राली की सिर्फ एक लाइट जल रही थी। खून से लथपथ हालत में शव पड़ा देख मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों से सूचना मिलने पर न्यूरिया पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने पिता बाबूराम की तहरीर पर ट्रैक्टर ट्राली चालक न्यूरिया के भीतरगांव निवासी अब्दुल शकील के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की है।
...और उठ गया मासूम के सिर से पिता का साया
पीलीभीत। घर से सब्जी लेने के लिए निकले उमेश का परिवार के लोग इंतजार कर रहे थे। किसी को नहीं पता था कि हादसे में उसकी मौत हो चुकी है। तीन भाईयों में सबसे बड़े उमेश की अपनी छोटी सी गृहस्थी थी। पत्नी राजेश्वरी और ढाई साल की बेटी मानवी है। काफी देर बाद भी उसके न आने पर सब चिंतित हुए थे कि अचानक उसकी मौत की खबर आ गई। जिसे सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी राजेश्वरी बदहवाश हो गई, तो मकान में परिवारीजनों की विलाप की चीखें गूंज उठी। जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया। पिता की मौत से बेखबर मासूम कभी घर पर लगी लोगों की भीड़ को देख सहम जाती। तो कभी मां के आंचल में छिप छिपती। हर कोई मासूम के सिर से पिता का साया उठने पर हादसे को कोसता दिखाई दिया।