फेसबुक पर अपलोड किए गए धार्मिक पोस्ट पर विवादित टिप्पणी करना क्षेत्र के एक शिक्षक ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। इससे नाराज एक पक्ष के लोगों ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर जांच शुरू कर दी है।
कस्बे के एक पक्ष के करीब दर्जन भर युवकों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फेसबुक पर एक धार्मिक पोस्ट की गई थी। इसमें बरखेड़ा ब्लाक के एक प्राइमरी स्कूल के शिक्षक ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। इससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। मामला दो पक्षों से जुड़ा होने पर पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी। आरोपी शिक्षक व शिकायतकर्ताओं को थाने बुला लिया गया। इसके बाद सीओ बीसलपुर बीपी सिंह, एसओ ओमहरि बाजपेई ने दोनों पक्षों से जानकारी ली। इसमें आरोपी शिक्षक का कहना है कि उन्होंने इस तरह की कोई टिप्पणी नहीं की थी। किसी ने उनके मोबाइल से टिप्पणी कर दी होगी। इधर दूसरा पक्ष कार्रवाई की मांग पर अडिग रहा। एसओ ओमहरि बाजपेई ने बताया कि तहरीर की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी है। फेसबुक पर पोस्ट की गई टिप्पणी को भी देखा जा रहा है। आरोपी दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेहरा गांव का रहने वाला है। अफसरों के निर्देशानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।