बेखौफ एक ट्रांसपोर्टर के कार सवार साथियों ने आसाम पुलिस चौकी के निकट एक व्यापारी की दुकान पर धावा बोल दिया और वहां मौजूद लोगों की लोहे की राड और डंडे से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान फायरिंग कर दहशत भी फैलाई, जिससे वहां भगदड़ मच गई। हमलावरों की पिटाई से चार लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने एक तमंचा और हमलावरों की एक कार बरामद की है। चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें जहानाबाद के गांव सरदार नगर निवासी मतलूब खां की हालत गंभीर बनी है। मौके पर क्यूआरटी सहित बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। पुलिस ने व्यापारी की ओर से पांच लोगों को नामजद कर कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बा अमरिया निवासी बस ट्रांसपोर्टर छोटे खां और शहर के मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी जाकिर के बीच बसों के नंबर को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। शनिवार को छोटे खां के पुत्र शब्बू और जाकिर बस वाले के बीच कहासुनी हो गई थी। रविवार को दोनों के बीच पंचायत होनी थी। बरेली हाइवे पर पुलिस चौकी के पास स्थित मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी मंसूर की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर छोटे खां के पक्ष के लोग पहुंच गए, लेकिन दूसरा पक्ष नहीं पहुंचा था। शब्बू ने बताया कि दूसरे पक्ष को मोबाइल पर कॉल कर बुलाया गया। करीब एक बजे जाकिर पक्ष के 30-40 लोग चार पहिया वाहनों से दुकान पर पहुंच गए। वह लोग कुछ समझ पाते कि इससे पूर्व कार सवारों ने लोहे की राडों, डंडों से हमला बोल दिया और जो मिला उसकी पिटाई शुरू कर दी। दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। शोरशाराबा होने पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन खाकी से बेखौफ हमलावरों ने पुलिस के सामने ही तमंचे से फायर कर वहां सनसनी फैला दी। जिससे वहां भगदड़ मच गई। आरोप है कि हमलावर दुकान में रखी 2.50 लाख की नगदी भी लूट ले गए। चौकी पुलिस की सूचना पर इंस्पेक्टर अतुल प्रधान फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। भारी पुलिस के पहुंचने पर आरोपी एक कार मौके पर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने कार और मौके से एक तमंचा बरामद किया है। हमलावरों की पिटाई से थाना जहानाबाद के गांव सरदारनगर निवासी मतलूब खां, उसका भाई मकदूम, मोहम्मद वसीम और मंसूर अहम घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर मतलूब की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें भर्ती कर लिया, जबकि अन्य घायलों का प्राथमिकि उपचार करने के बाद छुट्टी दे दी। एहितायतन मौके पर क्यूआरटी समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी अतुल प्रधान ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक कार व एक तमंचा बरामद किया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि व्यापारी मंसूर अहमद की ओर से जाकिर हुसैन, सामिद हुसैन, वसीम गुलफाम व संतोष के खिलाफ लूटपाट सहित कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सरेआम गुंडई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।