करेली विद्युत उपकेंद्र पर पिछले पांच दिन पूर्व फुंके फीडर के कारण क्षेत्र की विद्युतापूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी में आपूर्ति न मिलने से चारों ओर त्राहि-त्राहि मची हुई है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारियों ने अभी तक फीडर को दुरुस्त कराने की जरूरत नहीं समझी। उधर, आपूर्ति ठप होने के कारण परेशान ग्रामीणों ने रविवार बिजलीघर पर जेई के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
करेली विद्युत उपकेंद्र पर आपूर्ति किए जाने के लिए दो फीडर हैं। छह माह पूर्व तुर्किया फीडर फुंक जाने पर सिंगीपुर फीडर पर ही लोड डाल दिया गया। फुंके हुए फीडर को ठीक कराने की जरूरत नहीं समझी गई। नतीजतन पांच दिन पूर्व अधिक लोड पड़ने के कारण सिंगीपुर फीडर भी फुंक गया। जिस कारण क्षेत्र की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। उधर, दोनों फीडर फुंक जाने के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने ठीक कराने की जरूरत नहीं समझी। बताते हैं कि इन दिनों धान की रोपाई का कार्य चल रहा है। विद्युतापूर्ति न मिलने की वजह से किसानों को डीजल खर्च कर ट्यूबवेल चलाने पड़ रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण लोग पहले से ही परेशान हैं। ऊपर से ऐसे समय फीडर फुंक जाने पर उन्हें ठीक न कराए जाने को लेकर ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत भी की लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। पांच दिन से पूरी तरह ठप पड़ी विद्युतापूर्ति से परेशान ग्रामीणों रविवार के दिन बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। साथ ही अवर अभियंता के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शन करने वालों में पुरूषोत्तम शर्मा, अवधेश सिंह, जस्सा सिंह, जोगा सिंह, अमीर चंद्र शर्मा, सोनपाल सिंह, वेदपाल सिंह, महेंद्र सिंह, रणवीर सिंह, रवीदत्त, रवींद्र सिंह, टिंकू समेत लोग प्रमुख रूप से शामिल थे।