टनकपुर हाईवे पर तांगा चालक की लापरवाही राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई। चालक के कहीं चले जाने के बाद घोड़ा बिदक कर तांगा लेकर हाईवे दौड़ पड़ा। तांगे की चपेट में आकर एक युवक घायल हो गया। तो वहीं कई राहगीर बाल बाल बच गए। हादसे को लेकर हाइवे पर हड़कंप मचा रहा।
वाक्या शुक्रवार दोपहर करीब पौने तीन बजे का है। टनकपुर हाईवे पर गौहनिया चौराहा के पास तांगा छोड़कर उसका चालक कहीं निकल गया। इस बीच अचानक घोड़ा बिदक गया और हाइवे पर तांगा लेकर दौड़ पड़ा। गनीमत रही उसमें कोई सवारी नहीं बैठी हुई थी। वाहनों की आवाजाही के बीच बिना चालक के तांगा दौड़ता रहा। पहले एक खोका तोड़ दिया, इसके बाद जिला अस्पताल मोड़ के पास पहुंचते ही सड़क किनारे बात कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। युवक काफी दूर उछलकर गिरा और घायल हो गए। इसके बाद भी बिदका घोड़ा नकटादाना की ओर दौड़ता चला गया। स्कूल की छुट्टी का समय होने के कारण हाइवे पर वाहनों की आवाजाही भी काफी थी। जिसको लेकर कई वाहन तांगे से खुद को बचाने के चक्कर में आपस में भिडने से बाल बाल बच गए। राहगीरों ने तांगे की चपेट में आए घायल युवक को उठाकर जिला अस्पताल भिजवाया।