फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूरिया के तीन गांवों में लाखों की लूट

Thu, 02 Jun 2016 10:57 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पीलीभीत
विज्ञापन
चोरी - फोटो : pilibhit, beureu
विज्ञापन
कच्छा बनियान पहने बदमाशों ने न्यूरिया क्षेत्र के तीन गांवों के छह मकानों में धावा बोलकर लाखों का डाका डाला। असलहों के बल पर परिवार वालों को बंधक बनाकर मारपीट की गई, जिसमें लाठी लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरे दिन सूचना मिलने पर एएसपी और सीओ जहानाबाद ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से जानकारी जुटाई। घटना के बाद से क्षेत्रवासियों में बदमाशों की दहशत है। 
विज्ञापन

बुधवार रात करीब बारह बजे सबसे पहले बदमाश नऊआ नगली गांव पहुंचे। गांव का मजदूर हरस्वरूप घर के बाहर सो रहा था। बदमाशों ने उसको उठाया और तमंचे के बल पर उसे कब्जे में ले लिया। पहले रामपाल का मकान पूछा, इसके बाद गांव के अमीर लोगों के घर ले जाने को कहा।  मजदूर की मदद से बदमाश पास के ही कालीचरन के मकान में पहुंच गए। आंगन में सो रहे काली चरन को दो बदमाशों ने असलहा दिखाकर कब्जे में कर लिया, उसके बाद मकान का दरवाजा खुलवाकर भीतर घुस गए। पूरे परिवार को एक कमरे में बंधक बना लिया। डरा धमकाकर बदमाशों ने किसान से उसके घर की अलमारी की चाबी ली, जिसके बाद उसमें रखे 23 हजार रुपये, सोने के कुंडल, चेन, अंगूूठी समेत सवा लाख रुपये का जेवर लूट लिया।
 पहले से पकड़कर लाए हरस्वरूप की जेब में रखे 1300 रुपये भी लूट लिए और उसको भी यहीं पर बंद कर निकल गए। यहां से जाने के बाद पास के ही किसान बाबूराम के मकान में घुस गए। यहां भी पूर्व की भांति तमंचे दिखाकर परिवार को धमकाया गया और पांच हजार रुपये और बीस हजार के जेवरात लूट लिए। इसके बाद मकान में मौजूद किसान के परिवारीजनों को कमरे में बंद करके चले गए। बदमाश इसके बाद पड़ोस के गांव सड़िया मुगलपुरा में जा धमके। रात करीब दो बजे बदमाश रूपकिशोर के मकान में आम के पेड़ के सहारे भीतर घुस आए। कमरे में सो रहे किसान को उठाकर अलमारी की चाबियां मांगीं। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने उसे लाठी से पीटकर घायल कर दिया। यह देख उसकी बेटी पूजा ने बदमाशों को चाबी दे दी, जिसके बाद बदमाशों ने अलमारी और संदूकों को खंगाला। यहां अनाज के पीपे में छिपाकर रखे गए पचास हजार रुपये और एक लाख रुपये कीमत के जेवरात लूट ले गए। दो गांवों में लूटपाट करने के बाद बदमाशों ने मैंथी सैदुल्लागंज गांव में भी दो मकानों को निशाने पर लिया। पहले किसान दयाराम के मकान में दीवार कूदकर घुस आए। परिवार वालों को एक कमरे में बंद कर दिया और चालीस हजार रुपये और साठ हजार के जेवरात लूट लिए। आखिर में गांव के ही मोहनलाल के घर पहुंचे। असलहों के बल पर परिवार वालों को बंधक बनाकर 35 हजार रुपये समेत एक लाख का सामान लूट ले गए। गुरुवार को घटना का पता लगते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एएसपी विकास कुमार वैद्य, सीओ जहानाबाद जगत राम जोशी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई और पीड़ित के घरवालों को जल्द खुलासे का आश्वासन देकर अफसर लौट आए।
विज्ञापन


...तो पकड़े जाते बदमाश 
करीब तीन घंटे तक बदमाश न्यूरिया क्षेत्र में लूटपाट करते रहे। नऊआ नगली में कालीचरन के घर बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन बैटरी निकालकर फेंक दिया था। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने रात में ही पुलिस को फोन कर दिया था। पुलिस वहां तो एक घंटे के अंदर पहुंच गई, लेकिन उसने बदमाशों की घेराबंदी के कोई प्रयास नहीं किए। यही वजह रही कि बदमाश एक के बाद एक कर तीन गांवों में लूटपाट करते रहे और पुलिस को उसकी भनक तक नहीं लग सकी। 

धाराओं में पुलिस का खेल जारी 
हर बार की तरह इस बार भी पुलिस की ओर से डकैती की वारदात में धाराओं का खेल किया गया है। पुलिस ने दो घटनाओं की अब तक रिपोर्ट दर्ज कर ली है, जिसमें एक को चोरी तो दूसरी को लूट में दर्ज किया है। सभी पीड़ितों की ओर से रिपोर्ट तक नहीं लिखी है। 

फिर याद आई ग्राम सुरक्षा समिति 
एक रात में आधा दर्जन घरों में डाका पड़ने के बाद एक बार फिर पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की याद आई है। मौका मुआयना करने के बाद अफसरों ने ग्राम सुरक्षा समिति को मजबूत बनाने के बयान दिए हैं। बता दें कि पहले भी क्षेत्र में घटित वारदातों के बाद ऐसी ही बयानबाजी सामने आई थी, लेकिन उस पर आज तक गंभीरता से काम नहीं किया गया। 

घुमंतू गैंग पर पुलिस का शक 
पुलिस का मानना है कि वारदात में कोई घुमंतू गैंग शामिल है। छह मकानों में अंजाम दी गई वारदात का अध्ययन करने के बाद पुलिस को ऐसा लग रहा है। तीन गांवों के उन मकानों को बदमाशों ने निशाने पर लिया, जोकि बाहर के हिस्से में थे।

संदिग्ध खुलासे भी अहम वजह 
लगातार जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बदमाश घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। चाहे जहानाबाद के कनाकोर गांव में दस लाख का डाका हो या न्यूरिया के मरौरी में या अन्य। पुलिस की ओर से गुपचुप तरीके से खुलासे कर दिए गए। यह कितने सही खुलासे रहे, संदेह आज भी बना हुआ है। सवाल पर अफसर भी चुप्पी साध जाते हैं। 


डाग स्क्वायड को नहीं मिला क्लू 
साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को घटनास्थल पर भेजा, लेकिन इस बार भी पहले से आवाजाही होने के कारण सर्च डॉग सौम्या मददगार साबित नहीं हो सकी। 

अधिवक्ता के घर में एक लाख की चोरी
पीलीभीत। व्यापारी के मकान में चोरी की घटना के खुलासे के करीब पहुंचने का दावा कर रही पुलिस भले ही सफल नहीं हो सकी हो, लेकिन चोरों ने एक नई चुनौती पेश कर दी है। अधिवक्ता के मकान से चोर एक लाख नगदी जेवरात उड़ा ले गए। 
मोहल्ला मोहम्मद वासिल के रहने वाले धनसरन लाल परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। इस बीच चोर पहली मंजिल पर बने कमरे में ताला तोड़कर घुस आए। अलमारी का ताला तोड़कर अंदर रखे पचास हजार रुपये, तीस हजार कीमत के जेवरात, बर्तन समेत एक लाख का सामान चुरा ले गए। देर रात तीन बजे छत से नीचे पहुंचने पर पीड़ित को घटना का पता लगा। इसकी सूचना गुरुवार सुबह कोतवाली पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने मौका मुआयना कर औपचारिकता निभाई। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है। 

थाना कोतवाली और न्यूरिया क्षेत्र में घटी घटनाओं की सूचना मिलने पर एएसपी और सीओ को भेजा गया था। बदमाशों तक पहुंचने को सुरागरसी की जा रही है। तहरीर के आधार पर घटना की रिपोर्ट दर्ज हो रही है। 
विज्ञापन

- अनिल कुमार सिंह, एसपी पीलीभीत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें