फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोबाइल की दुकान में नकब  लगाकर डेढ़ लाख की चोरी

Thu, 19 May 2016 11:25 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पीलीभीत
विज्ञापन
चोरी - फोटो : pilibhit, beureu
विज्ञापन
माधोटांडा रोड पर मोबाइल शाप में नकब लगाकर भीतर घुसे चोर गल्ले में रखे सात हजार रुपये समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का अन्य सामान चुरा ले गए। दूसरे दिन दुकान पहुंचने पर पीड़ित को घटना का पता चला। घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। 
विज्ञापन

कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरैल गौटिया गांव के रहने वाले चंदनलाल की माधोटांडा रोड पर अलीगंज तिराहे के पास मोबाइल की दुकान है। बुधवार देर शाम साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर पीड़ित घर चला गया। देर रात चोरों ने दुकान को निशाने पर ले लिया। पहले दुकान के पिछले हिस्से में लगे लोहे के चैनल का ताला तोड़ा। उसके बाद पीछे के हिस्से की दीवार में नकब लगाया। इसी रास्ते से भीतर घुसे और सामान खंगालना शुरू कर दिया। चोर यहां से चोर दो लैपटॉप, दो कैमरे, म्यूजिक सिस्टम, सात हजार रुपये, चार्जर, बैटरी, हेडफोन समेत मोबाइल रिपेयरिंग का सामान समेत डेढ़ लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। गुरुवार सुबह आठ बजे पीड़ित दुकान पर पहुंचा। शटर खोलकर अंदर घुसा तो बिखरा सामान देखकर दंग रह गया। दीवार पर किए गए नकब पर नजर पड़ते ही उसके होश उड़ गए। दुकान में चोरी का पता लगते ही आसपास के लोग जमा हो गए। इसकी सूचना सिविल लाइन चौकी पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने मौका मुआयना के नाम पर औपचारिकता निभाई और लौट गई। पीड़ित ने कोतवाली थाने जाकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। 

वारदात में शामिल हो सकता है बच्चा 
घटना में चोरों ने दुकान के भीतर रखा सामान चोरी करने के लिए किसी बच्चे की मदद ली है। दुकान में लगाए गए नकब को देखकर ऐसा ही प्रतीत हो रहा है। नकब के बाद दीवार का गायब हिस्सा, इतना बड़ा नहीं है कि कोई युवक उसके रास्ते भीतर घुस सके और सामान लेकर बाहर निकल आए। 
विज्ञापन


सिपाही के बेतुके बोल पर गुस्साए लोग
चोरी की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सिपाही के बेतुके बोल से पब्लिक में खासी नाराजगी दिखाई दी। आरोप है कि सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन चौकी पर तैनात एक सिपाही मौके पर आया, जिसने सुरागरसी करने के बजाए दुकान में इतना सामान रखने की बात को लेकर पीड़ित को ही गुनहगार ठहराना शुरू कर दिया। उसकी शिकायत भी लोगों ने अधिकारियों से करने की बात कही है। 

एक दुकान में टली चोरी की वारदात 
घटनास्थल से चंद कदम पहले एक और किराने की दुकान में चोरी करने की कोशिश की गई थी। सिविल लाइन साउथ निवासी राकेश सक्सेना की काशीराम बारात घर के पीछे अवध नगर कालोनी में किराने की दुकान है। बुधवार रात चोरों ने दुकान के ताले तोड़ दिए, लेकिन सेंटर लॉक तोड़ने में असफल होने पर चोर वारदात को अंजाम देने में कामयाब नहीं हो सके। गुरुवार को सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया है। 

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया है। अभी कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कराया जायेगा। पुलिस सुरागरसी कर रही है। 
- भरत कुमार गौतम, शहर कोतवाल 

स्कूल से हजारों का सामान चोरी
बीसलपुर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बैरा का ताला तोड़कर चोर हजारों का सामान चुरा ले गए।  सुबह जानकारी होने पर प्रधानाध्यापक ने इसकी सूचना पुलिस को दी है।
प्रधानाध्यापक ओमकार ने बताया कि बुधवार की रात विद्यालय के कमरे की एक किवाड़ तोड़कर चोरों ने एक साइकिल, आलू भरी हुई बोरी, बर्तन और कुछ अन्य सामान चुरा लिया। सुबह विद्यालय पहुंचने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। प्रधानाध्यापक ने कोतवाली में तहरीर दे दी है, जिसमें लगभग 10 हजार रुपये का सामान चोरी होना बताया है।

बदमाशों की तलाश में पुलिस फेल
पीलीभीत। दो परिवारों को असलहों के बल पर धमकाकर लूटपाट करने वाले नकाबपोश बदमाशों का सुराग लगाने में पुलिस अब तक फेल रही है। उधर, पीड़ित पक्ष अधिकारियों से खुलासा करने की मांग की है। 
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव बकसपुर और सिरसा में एक ही रात में दो स्थानों पर बदमाशों ने लूटपाट की थी। बदमाशों ने माखनलाल और धर्मपाल के मकान में देर रात दस्तक दी। इसके बाद असलहों के बल पर धमकाकर दो लाख रुपये और जेवरात लूट ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा चोरी में दर्ज किया, लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी खुलासा नहीं किया जा सका है। एक सुराग पुलिस के पास नहीं है, जिससे बदमाशों तक पहुंचा जा सके। कोतवाल भरत कुमार गौतम ने बताया कि छानबीन की जा रही है, लेकिन कुछ खास सुराग नहीं मिल सके है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें