भारतीय अधेड़ की नेपाल में गला रेतकर हत्या
नौजलहा नंबर दो निवासी विजय हीरा (55) की नेपाल के कंचनपुर इलाके में गला रेतकर हत्या कर दी गई। विजय वहां प्राइवेट मेडिकल प्रैक्टिस करते थे। घटना शनिवार की शाम क्लीनिक घर लौटने के दौरान हुई। नेपाल की कंचनपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विजय हीरा पिछले तीस वर्षों से नेपाल के कंचनपुर जिले के बाबाथान इलाके में किराए की बिल्डिंग में निजी क्लीनिक चलाते थे। उनके पास मेडिकल की कोई डिग्री नहीं थी। रोज सुबह साढ़े आठ बजे घर से साइकिल से क्लीनिक जाते और शाम आठ बजे तक घर लौट आते। शनिवार को देर रात तक घर न आने पर परिवार वाले चिंतित हो गए और उनकी तलाश में निकले। बाबाथान के लोगों से संपर्क किया तो पता चला कि शाम को ही क्लीनिक बंद कर घर के लिए निकल गए थे। परिजन वापस लौट रहे थे कि नोमैंस लैंड से एक किलोमीटर पहले वार्ड नौ के पास उनकी एक चप्पल पड़ी मिली। आसपास तलाश की तो चंद कदमों की दूरी पर विजय हीरा का शव मिला। गले, पीठ व चेहरे पर धारदार हथियार के निशान थे। साइकिल और बैग भी पास में ही पड़ा मिल गया। सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर नेपाल के कंचनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिवार वालों से जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
माधोटांडा पुलिस ने भी जुटाई जानकारी
वैसे तो मामला नेपाल सीमा क्षेत्र में था, लेकिन परिवारीजनों ने पहले स्थानीय पुलिस को सूचना दी। यूपी 100 डायल पर भी फोन किया। जिसके बाद इंस्पेक्टर मनोज त्यागी, रमनगरा चौकी प्रभारी सिद्धराज सिंह मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई।
कहीं व्यवसाय को लेकर तो नहीं की गई हत्या!
मृतक विजय हीरा के पास डॉक्टरी की कोई डिग्री नहीं थी। सिर्फ अपने लंबे अनुभव पर वह करीब तीन दशक वहां क्लीनिक चलाते थे। रोज का आना-जाना रहता। किसी से कोई विवाद नहीं हुआ। परिवार वालों के मुताबिक उनकी क्लीनिक काफी बेहतर चलती थी। प्रतिदिन दो से तीन हजार रुपये की कमाई कर लिया करते थे। हत्या के बाद उनके रुपये व अन्य सामान मौके पर मिलने से लूट के इरादे से हत्या की बात नहीं लग रही। ऐसे में परिवार के मन में भी सवाल है कि कहीं व्यवसाय को लेकर तो उनकी हत्या नहीं करा दी गई? फिलहाल पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।