- पुलिस कह रही बच्ची के खुद खेत पर जाने की बात
- थाना क्षेत्र के ग्राम भोपतपुर का मामला
रहस्यमय ढंग से बुधवार रात लापता हुई चार साल की बच्ची दूसरे दिन सुबह एक किलोमीटर दूर गन्ने के खेत से बरामद हुई। खेत स्वामी से जानकारी मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। बच्ची के सकुशल होने पर राहत की सांस ली। पुलिस पूछताछ के बाद बच्ची के खुद खेत तक पहुंचने की बात कह रही है।
क्षेत्र के ग्राम भोपतपुर निवासी श्रीपाल पल्लेदारी करता है। बुधवार रात उसकी चार साल की बेटी अंजलि अपनी मां ओमवती के साथ सो रही थी। रात करीब एक बजे उसको मां ने पानी पिलाकर सुला दिया। इसके बाद परिवार वाले भी सो गए। करीब एक घंटे बाद आंख खुलने पर बच्ची कमरे से गायब मिलने पर खलबली मच गई। परिवारीजन और आसपास के ग्रामीण जमा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर यूपी 100 और थाना पुलिस मौके पर जानकारी करने पहुंची और जानकारी जुटाई। गुरुवार सुबह मकान से एक किलोमीटर दूर ओमकार के गेहूं के खेत में लापता बच्ची सकुशल बरामद हो गई। खेत स्वामी से जानकारी मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी जानकारी देकर बुला लिया गया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि बच्ची से बातचीत की गई है। जिसमें उसके खुद मकान से जाने की बात सामने आई है। परिवार वालों ने भी कोई तहरीर कार्रवाई के लिए नहीं दी है।