गांव अभयपुर निवासी विजयपाल ने बताया कि वह गुरुवार को अपने पिता श्रीराम व गांव के ही चार अन्य व्यक्तियों के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर गेहूं बेंचने पीलीभीत मंडी आए थे। देर शाम वापस जाते समय कसबा गजरौला में असम हाइवे के किनारे ट्रॉली खड़ी कर दी। वह अन्य साथियों के साथ होटल में चाय पीने चला गया। इसी बीच पूरनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार मार्शल ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज हुई कि ट्रैक्टर ट्रॉली का रूख पीछे की ओर हो गया।
हादसे में ट्रॉली में सवार पिता छिटक कर सड़क पर जा गिरे। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। घर वाले आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ला रहे थे। रास्ते में पिता ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मार्शल कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। घर के मुखिया की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी शांती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
विजय पाल मृतक का इकलौता पुत्र है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार बुद्धप्रिय ने बताया कि अभी घटना की तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बस से कुचलकर ग्रामीण की मौत
बीसलपुर। गांव खिरकिया निवासी राजेंद्र देव ने बताया कि उनके बड़े भाई देवेंद्र कुमार बृहस्पतिवार को टिकरी की बाजार सामान लेने गए थे। देर शाम बाजार से पैदल घर वापस लौटते समय खिरकिया और जोगीठेर के बीच स्थित पुलिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बारात की बस से ने उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस समेत फरार हो गया।
देवेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। रोते-विलखते परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि मृतक के भाई राजेंद्र देव की तहरीर पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि जांच पड़ताल में पता चला है कि जिस बस से हादसा हुआ है। वह बस दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव रामनगर की एक बारात लेकर बीसलपुर के गांव खिरकिया में आई थी। वापस लौटते समय हादसा हो गया।