- लेनदेन के विवाद में दूसरे पक्ष पर हमला, दो घायल
पैसे के लेनदेन के विवाद को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के यहां धावा बोल दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत पैदा कर दी। इस दौरान पिटाई से परिवार के मां-बेटे घायल हो गए। कोतवाली में आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मनकापुर में शनिवार रात अली हसन पुत्र बुद्धी बख्श के घर पर दूसरे पक्ष के आधा दर्जन लोगों ने फायरिंग कर तांडव मचा दिया। अली हसन के मुताबिक, गांव के ही दबंग नरेश पक्ष से लेनदेन का विवाद काफी समय से चला आ रहा था। शाम के समय दूसरे पक्ष के लोग उनके घर आए थे और वार्ता भी हुई थी। इसके बावजूद दूसरा पक्ष झगड़े पर उतारू हो गया। इसी को लेकर रात के लगभग आठ बजे नरेश ने परिवार के आधा दर्जन लोगों के साथ नाजायज असलहा लेकर अली हसन के घर पर धावा बोल दिया और अली हसन के परिवार की मरजीना पत्नी रईस अहमद और उसके पुत्र अकील की लात-घूंसों से पिटाई की। इससे लोगों को काफी चोटें आईं। इतना ही नहीं हमलावरों ने घर के बाहर नाजायज हथियारों से ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की, जिससे परिवार में भगदड़ मच गई और गांव में दहशत पैदा हो गई। अली हसन के मुताबिक करीब एक दर्जन फायर किए गए हैं। सीओ बीपी सिंह और दियोरिया कलां कोतवाली प्रभारी एसएस यादव जानकारी होने पर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी पक्ष फरार हो गया। इस मामले में अली हसन की ओर से गांव के ही नरेश व सुरेश पुत्र गंगाराम, सर्वेश पुत्र इंद्रप्रकाश, अरविंद पुत्र नरेश, शिवम पुत्र सर्वेश, गुड्डू पुत्र नत्थूलाल सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया गया है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। कोतवाली पुलिस आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार दबिश दे रही है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गांव में दोनों पक्षों के बीच लेनदेन का विवाद था। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।