अपराध समीक्षा बैठक में रविवार को एसपी जेके शाही के तेवर काफी सख्त रहे। उन्होंने लापरवाह थानेदारों से कड़ी नाराजगी जताई और सभी को कार्य व व्यवहार में सुधार लाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि गांवों में छोटे-मोटे जमीनी विवादों को भी गंभीरता से लें और चिह्नित कर वैधानिक कार्रवाई करें। बैठक में डीएम ओएन सिंह ने भी थानेदारों को जरूरी निर्देश दिए।
बैठक रविवार को पुलिस लाइन सभागार में सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। एसपी जेके शाही ने पहले अपराधों की समीक्षा की। लंबित विवेचनाओं और थानेवार अपराधिक घटनाओं की जानकारी ली और उनके खुलासे की प्रगति जानी। उन्होंने जहॉनाबाद, बरखेड़ा और बीसलपुर में पेडिंग पड़ी चोरी, लूट की कई घटनाओं का खुलासा न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। वहीं शनिवार को तैनात किए गए पूरनपुर कोतवाल शक्ति सिंह को भी घटनाएं न हो इसके लिए सचेत किया और शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। सभी थानेदारों को कार्य और व्यवहार में सुधार लाने की हिदायत दी।
एसपी ने कहा कि भूमि संबंधी छोटे-मोटे विवाद बड़ा रूप ले लेते हैं। इससे कानून व्यवस्था बिगड़ने के साथ लोगों की जानें भी चली जाती हैं। सभी थानेदार जमीनी विवादों को चिह्नित कर रजिस्टर में दर्ज करें और वैधानिक कार्रवाई करें। ताकि इन विवादों से होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
डीएम ओएन सिंह ने कहा कि छोटे-मोटे जमीनी विवादों को निस्तारित कराने के लिए राजस्व विभाग की भी मदद लें। यदि कहीं कोई दिक्कत आती है तो उन्हें अवगत कराएं। बैठक में एएसपी सुधीर कुमार सिंह, एडीएम अजयकांत सैनी, सीओ, थाना प्रभारी व सभी एसडीएम मौजूद रहे।