पति का अपहरण कर उसकी हत्या कराने के आरोप में पत्नी समेत नौ के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। यह रिपोर्ट मृतक के भाई गांव गाजीपुर मुुगल निवासी चंद्रपाल ने दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक मोहनलाल की शादी थाना गजरौला के गांव लालपुर निवासी जगन्नाथ की पुत्री गुड्डी देवी के साथ हुई थी। गुड्डी देवी अपने पति को मानसिक रूप से कमजोर कहकर पसंद नही करती थी। आठ माह पूर्व मोहनलाल उस वक्त घर से गायब हो गया, जब उसे और उसकी पत्नी को परिवार वाले घर में अकेला छोड़कर खेत पर काम करने गए। रिपोर्ट के मुताबिक, शाम को वापस आने पर मोहनलाल घर पर नहीं मिला। गुड्डी देवी से पूछा तो उसने गोलमाल जवाब दिया। काफी तलाश करने पर भी उसके भाई का कोई पता नही चला। उसने गुड्डी देवी सहित नौ लोगों पर भाई को अगवा कर हत्या करने व शव गायब करने की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसपी ने भी मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं की। एसओ ओम हरि वाजपेई ने बताया कि पुलिस ने आरोपी जगन्नाथ, सुरेंद्रपाल, राधादेवी, गुड्डी देवी, मनोज, विनोद, महेश, धर्मवीर व नत्थूलाल व ग्राम लालपुर निवासी मोहनलाल के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।